हर विधानसभा क्षेत्र से गुपचुप मांगे महिला उम्मीदवारों के नाम
बीकानेर। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस में प्रत्याशियों के चयन के लिए बनाई स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रदेश आने से पहले ही अपना काम शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि इस महीने के आखिर में प्रदेश के लिए बनाई गई स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष और दो सदस्य प्रदेश के दौरे पर आ सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक स्क्रीनिंग कमेटी का फोकस इस बार महिला उम्मीद्वारों पर ज्यादा है। कमेटी के एक सदस्य ने प्रदेश में अपने विश्वस्त लोगों के जरिए सभी दो सौ विधानसभा सीटों पर महिला उम्मीद्वारों के नाम मांगे हैं। जिस पर महिला उम्मीद्वारों का डेटा तैयार करने का काम भी शुरू हो गया है।
बताया जा रहा है कि कमेटी के प्रदेश दौरे पर आने के बाद दो सौ विधानसभा सीटों पर तैयार की जा रही महिला उम्मीद्वारों की लिस्ट कमेटी को सौंप दी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी राजनीति में महिलाओं को आगे लाने के पक्षधर हैं, लिहाजा उन्होंने स्क्रीनिंग कमेटी को प्रदेश की महिला उम्मीद्वारों की लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
उम्मीद्वारों की दौड़ दिल्ली तक
प्रदेश के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की घोषणा होने के साथ ही चुनाव मैदान में उतरने की चाह रखने वाले उम्मीद्वारों की दौड़ दिल्ली तक शुरू हो गई है। कमेटी का अभी प्रदेश दौरा शुरू नहीं हुआ है लेकिन टिकट की उम्मीद पाले नेताओं ने दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष और सदस्यों से मुलाकात करनी शुरू कर दी है।
उम्मीद्वार अपने-अपने विधानसभा चुनाव क्षेत्र में जातिगत समीकरणों के साथ जीत के दावे करते हुए अपनी दावेदारी जता रहे हैं।