बीकानेर। बरसात के बाद जगह-जगह जलभराव से परेशान हुए लोगों का हाल जानने के लिए कांग्रेस की शहर महिला अध्यक्ष सुनीता गौड़ ने आज कई इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने लोगों की परेशानियां को सुना।
शहर महिला अध्यक्ष सुनीता गौड़ ने बताया कि वार्ड 39 में बल्लभ गार्डन की संध्या द्विवेदी, किरण और रीना ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि पिछले एक सप्ताह से बारिश का पानी घरों के आगे भरा पड़ा है। जिससे आवागमन बाधित हो गया है।
बारिश का पानी अब दुर्गन्ध फैलाने लगा है। सिवरेज लाइन डालने के बाद सडक़ों की स्थिति बहुत ही दयनीय है। सड़कें जगह-जगह से टूट रही है। क्षेत्र में पानी निकासी के लिए नालियां भी नही है।
बजरंग बिहार फेज-2 कॉलोनी के बाशिंदों ने बताया कि बरसाती पानी क्षेत्र में जमा हो गया है जिससे यहां के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम प्रसाशन को भी इस बारे में सूचना दे दी गई थी लेकिन किसी ने सुध नहीं ली है।
वार्ड 26 में सवालखी तलाई में पानी भरने से खान के आस-पास बने 200 मकानों के ढहने का खतरा मंडरा रहा है। पंचमुखा हनुमान मंदिर क्षेत्र, बान्द्रों का बास में बाल्मिकी बस्ती के घरों के पानी की निकासी के लिए नालियां नहीं हैं। जिसकी वजह से सवालखी तलाई अब मिनी सूरसागर का रूप लेने लगी है।
शहर महिला अध्यक्ष ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में पीड़ित लोगों में विधायक सिद्धिकुमारी और महापौर नारायण चौपड़ा की अनदेखी से उनके प्रति नाराजगी है।