बीकानेर। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने आज बयान जारी कर कहा कि प्रदेश की वसुंधरा सरकार और भाजपा संगठन जनता के पैसे का दुरुपयोग कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री के राजस्थान दौरे पर भाजपा ने भीड़ जुटाने के लिए सरकारी लाभार्थियों को सरकारी खर्चे पर मोदी की जनसभा में ले जाने का जो कार्यक्रम बनाया है वो सर्वथा अनुचित है।
इस कार्यक्रम में सरकारी पैसे से भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकारी मेहमान बना कर ले जाना यह साबित करता है कि पिछले साढ़े चार सालों में राज्य में कुशासन का बोलबाला रहा है और राज्य की जनता भाजपा से तंग आ चुकी है|
गहलोत ने कहा कि जिस तरह से सभी कलक्टरों को लाभार्थियों को लाने का कार्य सौंपा गया है, यह दर्शाता है कि पार्टी के कार्यक्रम के लिए राज्य सरकार अपनी सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करते हुए जनता के पसीने की कमाई को भाजपा के चुनावी अभियान में खर्च कर अलोकतांत्रिक कार्य कर रहीं है|
शहर कांग्रेस प्रवक्ता नितिन वत्सस ने कहा कि राजस्थान के चुनावी रण में भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के लिए प्रदेश के सरकारी खजाने को चुना लगा रही है, लाभार्थियों के नाम पर भीड़ जुटाने का प्रयास कर रही है, यह सब जताने के लिए काफी है कि प्रदेश में भाजपा कितने निचले स्तर पर है।
इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि पार्टी विशेष के लिए किसी सरकार ने खुले आम कलक्टरों को निर्देशित किया। शहर कांग्रेस इसकी निंदा करती है।