भिड़ गए कांग्रेसी विधायक, सिर पर मारी बोतल

2348

कर्नाटक में राजनैतिक धमाचौकड़ी के बीच आज कांग्रेस के दो विधायकों के बीच जबरदस्त मारपीट की खबर आई है। मारपीट के दौरान कांग्रेसी विधायक ने दूसरे विधायक के सिर पर बोतल दे मारी, जिसके बाद हमले में घायल विधायक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।

बताया जा रहा है कि घायल विधायक आनंद सिंह है तथा दूसरा विधायक जेएन गणेश बताए जा रहे हैं। कर्नाटक में कांग्रेस ने भाजपा द्वारा विधायकों की खरीद-फरोख्त के डर से अपने 80 विधायकों में से 76 को ईगलटन रिजोर्ट में भेज दिया था।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा उसके विधायकों को तोडऩा चाहती है। शुरुआत में कांग्रेस के 5 विधायक गायब बताए जा रहे थे। हालांकि बाद में ये विधायक कांग्रेस के खेमें में लौट आए थे। 4 विधायक अभी भी कांग्रेस खेमे से नाराज बताए जा रहे हैं। इन नाराज विधायकों के ईगलटन रिजोर्ट नहीं पहुंचने पर कांग्रेस ने इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

कांग्रेस के इस अंदरुनी झगड़े पर भाजपा ने चुटकी ली है और कहा है कि कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कर्नाटक भाजपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर ट्वीट कर लिखा कि इससे ज्यादा क्या सबूत चाहिए कि कांग्रेस में सबकुछ सही नहीं चल रहा है।

ईगलटन रिजोर्ट में कांग्रेसी विधायक के बीच मारपीट हुई। एक विधायक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस कब तक नकारेगी और अपने मतभेदों के लिए आरोप भाजपा पर लगाएगी? कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने इस पूरे मामले पर अनभिज्ञता जतायी है।

जी. परमेश्वर ने कहा कि मीडिया के अनुसार आनंद सिंह अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन मेरे पास इसकी कोई जानकारी नहीं है, यदि ऐसा हुआ है तो वह इसके बारे में पता करेंगे। कर्नाटक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार ने कांग्रेसी विधायकों में मारपीट की खबरों को निराधार बताया है।

अपने एक बयान में डीके शिवकुमार ने कहा कि ‘कोई मारपीट नहीं हुई। आपने देखा कि सभी एक साथ आए और एक साथ गए। ये फर्जी खबर है। पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट है। मुझे विश्वास है कि जिन लोगों ने कांग्रेस विधायक बैठक में शिरकत नहीं की, वो भी जल्द वापस लौटेंगे।’

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.