गठबंधन की सरकार : छलके सीएम कुमारस्वामी के आंसू

‘मैं खुश नहीं, विषकंठ बनकर पी रहा हूं जहर’

नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी का कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार पर एक बार फिर से दर्द छलका है।

मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने एक बार फिर से गठबंधन की सरकार की मजबूरियों को सार्वजनिक मंच से सबके सामने रखा और इस दौरान उनके मजबूरियों के आंसू भी छलके।

अभी कर्नाटक में नई सरकार के बने ज्यादा दिन भी नहीं भी हुए हैं कि कुमारस्वामी ने एक बार फिर से स्वीकार किया कि वह इस गठबंधन वाली सरकार से खुश नहीं हैं।

कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन वाली सरकार का नेतृत्व कर रहे सीएम कुमारस्वामी ने बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान सरेआम रोते हुए कहा कि आप सब मुझे बधाई देने के लिए बुके के साथ खड़े हैं।

आप सभी को लग रहा होगा कि आपका भाई मुख्यमंत्री बन गया है और इससे आप सभी खुश हैं, मगर मैं इससे खुश नहीं हूं।

मैं गठबंधन की सरकार के दर्द को जानता हूं। मैं अपना दर्द बिना बांटे हुए पी रहा हूं। जो किसी जहर से ज्यादा कुछ नहीं है। मैं इस हालात से खुश नहीं हूं।

इससे पहले भी कुमारस्वामी ने राज्य में जद (एस) को बहुमत नहीं मिलने का जिक्र करते हुए कहा था, ‘मुझे इस बात का भी दुख है कि आवाम ने मुझमें भरोसा नहीं जताया है’।

उन्होंने कहा, हम लोग पांच साल के लिए स्थायी सरकार देंगे। हम जनता के लिए काम करेंगे। हम यहां अपना व्यक्तिगत हित साधने नहीं आए हैं।

कुमारस्वामी ने कहा कि न तो वह और न ही देवेगौड़ा परिवार कभी सत्ता के लिए लालायित रहा है। उन लोगों का अधिकतर राजनीतिक जीवन विपक्ष में ही व्यतीत हुआ है।

गौरतलब है कि बीते दिनों पूर्ण बजट पेश करते हुए सीएम कुमारस्वामी ने राज्य में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार का पहला बजट पेश करते हुए करीब 34 हजार करोड़ रुपए का किसानों का कर्ज माफ कर दिया। जिसके तहत हर किसानों के दो लाख रुपए तक के कर्ज माफ किए जाएंगे।

 

Newsfastweb: