सफाईकर्मी की मिली है नौकरी तो करनी ही होगी सफाई

2698
सफाईकर्मी

सफाई के अलावा किया दूसरा काम तो जाएगी नौकरी

दूसरा काम करवाने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई

बीकानेर। हाल ही में जिन लोगों को सफाईकर्मी की नौकरी मिली है, उन्हें सफाई कार्य ही करना होगा। अगर वे सफाई कार्य के अलावा कोई कार्य करते पाए गए तो उन्हें सफाईकर्मी की नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा।

जानकारी के मुताबिक स्वायत शासन विभाग के निदेशक पवनकुमार अरोड़ा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आदेश में सभी स्थानीय निकायों को इस बारे में निर्देशित किया गया है।

यह आदेश इस अंदेशे के चलते जारी किया गया है कि सफाईकर्मी भर्ती में विभिन्न स्थानीय निकायों अत्यधिक पढ़े-लिखे और रसूखदार लोगों को नौकरी मिली है।

अंदेशा है कि ये लोग अपना मूल सफाई कार्य नहीं करेंगे और नगर निकायों में अन्य काम करने में अपनी ड्यूटी लगवा लेंगे। कई जगहों पर से इस प्रकार की शिकायतें मिलना भी शुरू हो गई हैं। इन शिकायतों के मद्देनजर निदेशक को आदेश जारी करना पड़ा है।

स्वायत शासन विभाग के निदेशक के आदेश के बाद अब सफाईकर्मियों को सफाई के अलावा अन्य काम करना भारी पड़ सकता है।

आदेश के अनुसार स्थानीय निकायों में नियुक्त सफाईकर्मियों से निकाय अधिकारी केवल उनके मूल कार्य जो कि सफाई कार्य है, ही करवा सकेंगे। न अधिकारी उनसे दूसरा कार्य करवा सकेंगे और न सफाईकर्मी स्वयं दूसरा कोई कार्य कर सकेंगे।

शिकायत मिलने पर अगर पुष्टि हुई तो दोषी अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सफाई के अलावा दूसरा कार्य करने वाले सफाईकर्मी की तत्काल प्रभाव से नियुक्ति निरस्त कर दी जाएगी।

आदेश के मुताबिक अगर किन्हीं परिस्थितियों में किसी सफाईकर्मी से दूसरा कार्य करवाने की जरूरत होगी तो इसके लिए स्थानीय निकाय अधिकारी से मंजूरी लेनी होगी।

आदेश में उन पुराने सफाईकर्मियों को भी सफाई कार्य में लगाने के लिए निर्देशित किया गया है, जो अन्य कोई कार्य करने में लगे हैं।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.