महापौर ने किया मुख्यमंत्री के संदेश का पठन
बीकानेर। सफाईकर्मी भर्ती-2018 के तहत चयनित 395 कर्मचारियों को रविवार को रवीन्द्र रंगमंच में हुए समारोह में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
समारोह के मुख्यअतिथि केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल थे। उन्होंने कहा कि राज्य में 1972 के बाद पहली बार एक साथ 21 हजार सफाई कर्मियों की भर्ती हुई है।
इसके लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का आभार मानना चाहिए। नगरीय क्षेत्र को 395 नए कर्मचारी मिलने से सफाई व्यवस्था और अधिक दुरूस्त होगी।
उन्होंने कहा कि 1923 में स्थापित नगरीय निकाय का हिस्सा बनने जा रहे सभी नवनियुक्त सफाईकर्मी शहर को स्वच्छता रैंकिंग में पहले नंबर पर लाने का संकल्प लें।
बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विधायक डॉ. गोपाल कृष्ण जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के ऐतिहासिक निर्णय की बदौलत शहर के 395 परिवारों के लिए अच्छे दिन आ गए हैं। केन्द्र व राज्य सरकार ने जुनून के साथ गरीबों और जरूरतमंदों के लिए कार्य किया है।
महापौर नारायण चोपड़ा ने नवनियुक्त कर्मचारियों के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का पठन किया। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त 395 सफाईकर्मी नगर निगम रूपी परिवार के सदस्य बन गए हैं।
सभी सफाईकर्मी ‘स्वच्छता दूत’ के रूप में कार्य करते हुए शहर को साफ-सुथरा बनाने में अपनी भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले मुख्यमंत्री की पहल पर नगर निगम को वर्ष 2015 में 529 सफाईकर्मी मिले। अब 395 नए सफाईकर्मियों का लाभ पूरे शहर को मिलेगा।
इस अवसर पर भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, देहात जिलाध्यक्ष सहीराम दुसाद, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन यशवंत भाकर तथा नगर निगम आयुक्त प्रदीप के. गावंडे भी मंच पर मौजूद थे।
कार्यक्रम में पार्षद शिवकुमार रंगा, सम्राट रंगा, भगवती प्रसाद गौड, गिरिराज जोशी, नरेश जोशी, भवानीशंकर आचार्य, दाऊलाल सेवग, कृष्णाकंवर, भवानी पारीक, सरला पड़िहार, राजा सेवग, लक्ष्मण महाराज, उम्मेदसिंह राजपुरोहित, विनोद धवल, श्यामसुंदर चांडक, राजेन्द्र पंवार, पाबूदानसिंह राठौड़, रतनलाल चांवरिया सहित कई जने मौजूद रहे।