पुलिस की बर्बर कार्रवाई का विरोध
बीकानेर। शहर जिला कांग्रेस की ओर से आज पुलिस कार्रवाई के विरोध में रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन दिया गया। कांग्रेसजनों ने इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
शहर जिला कांग्रेस प्रवक्ता नितिन वत्सस ने बताया कि शहर जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमण्डल ने आईजी बिपिनकुमार पाण्डे को अवगत कराया कि पिछले दिनों जेएनवी कॉलोनी थाना पुलिस ने बाइक सवार युवक को हेलमेट चैकिंग के नाम पर रोका और उसकी बाइक की चाबी निकाल ली।
युवक ने हेलमेट चोरी होने की बात पुलिसकर्मियों को बताई तो उन्होंने उसकी बात नहीं मानी और उल्टे उसके साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। युवक ने जब इसका विरोध किया तो उसे थाने ले जाकर बेरहमी से पीटा गया।
युवक के शरीर पर पुलिस की बेरहमी के निशान परिलक्षित हो रहे हैं। पुलिस का इस प्रकार का आमजन से व्यवहार किया जाना उचित नहीं माना जा सकता है। कई बार यह भी देखने में आया है कि पुलिस और होमगार्ड के जवान बाइक सवारों के पीछे दौड़ते हैं, यह भी अनुचित है।
पुलिस जिस तरह से आमजन से व्यवहार कर रही है, उसे देखकर तो ऐसा लगता है कि अपराधियों की जगह आमजन में भय व्याप्त करने के मोटो पर पुलिस कार्य कर रही है। प्रतिनिधिमण्डल ने आमजन में विश्वास पैदा करने के लिए पुलिस को सलीके से जनता से पेश आने के आदेश जारी करने का आग्रह आईजी से किया।
वत्सस ने बताया कि आईजी ने प्रतिनिधिमण्डल को आश्वस्त किया है कि वे खुद इस मामले को देख रहे हैं और जांच के बाद निश्चित रूप से दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाएगी और सभी पुलिसकार्मिकों को व्यवहार को सुधारने की हिदायत दी जाएगी।
ज्ञापन देने गए प्रतिनिधिमण्डल में प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार किराडू, महासचिव ललित तेजस्वी, अरुण व्यास, डॉ. पीके सरीन, चित्रेश गहलोत, राहुल जादूसंगत, विकास तंवर, आंनद सिंह राठौड़, धनपत चायल सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता शामिल थे।











