दूसरे की जगह दे रहा था परीक्षा (RPVT), पुलिस ने किया गिरफ्तार

गिरफ्तार युवक का नीट में हो चुका था चयन

बीकानेर। आरपीवीटी (RPVT) परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे एक युवक को गंगाशहर थाना पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है।  परीक्षा केंद्र अधीक्षक अरुण कुमार ने इस बारे में रिपोर्ट दर्ज कराई।

जांच अधिकारी ईश्वर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक बाड़मेर निवासी जोधाराम पुत्र नरिंगाराम है। ये झुंझुनू निवासी राकेश पुत्र सहीराम की जगह परीक्षा केंद्र हीरालाल सौभागमल हायर सैकंडरी स्कूल में आरपीवीटी परीक्षा दे रहा था। आधार कार्ड और प्रवेश पत्र में फ़ोटो नहीं मिलने पर यह वीक्षकों की पकड़ में आ गया। वीक्षकों ने केंद्र अधीक्षक को इसकी सूचना दी। केंद्र अधीक्षक ने पुलिस को मौके पर बुलवाया। फिलहाल आरोपी युवक जोधाराम पुलिस गिरफ्त में है।

जांच अधिकारी ने बताया कि जोधाराम का इस वर्ष नीट परीक्षा में चयन हो चुका था। वह पूरे भारत मे चयनित हुए अभ्यर्थियों में 12 सौ रेंक पर था। 13 जून से मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए कॉउंसलिंग शुरू होनी थी। इसको कॉलेज मिलना बाकी था। इस से पहले ही ये किसी ओर की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। आरोपी युवक को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

ऐसे आया पकड़ में

परीक्षा भवन में आरोपी युवक को आधार कार्ड देख कर प्रवेश दिया गया था। परीक्षा कक्ष में इसने ओ एम आर शीट पर उत्तर भरने ही शुरू किए थे कि वीक्षकों ने प्रवेश पत्र और आधार कार्ड मिलान कर जांच की। आधार कार्ड पर तो आरोपी युवक जोधाराम की फ़ोटो लगी थी लेकिन प्रवेश पत्र पर कंप्यूटरीकृत फ़ोटो राकेश की लगी थी। पकड़े जाने के बाद जब जोधाराम से  पूछताछ की गई तो इसने पुलिस को बताया कि राकेश के आधार कार्ड को स्कैन कर के इन्होंने जोधाराम की फ़ोटो लगा दी थी। लेकिन प्रवेश पत्र पर राकेश की कंप्यूटरीकृत फ़ोटो लगी थी। जिसे बदला नहीं जा सका और पकड़े गए।

 

 

Newsfastweb: