फ्लॉप रहा मुख्यमंत्री का दौरा : डूडी

जनता की समस्याओं पर नहीं दिया ध्यान, करोड़ों रुपए हुए बर्बाद

बीकानेर। विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता रामेश्वर डूडी ने आज सरकिट हाउस में मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के दौरे को फ्लॉप बताया।

उन्होंने कहा कि एक दिन के दौरे पर आईं मुख्यमंत्री ने जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया बल्कि हेलीकॉप्टर में घूम-घूम कर आमजन के करोड़ों रुपए बर्बाद कर दिए।

नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने कहा की मुख्यमंत्री के दौरे से जनता को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद होती है लेकिन दो दिन के इस दौरे में मुख्यमंत्री ने जनता की समस्याओं देखा भी नहीं।

उन्होंने कहा की जनता के करोड़ों रुपए केवल हवाई यात्रा में खर्च किए जा रहे है। जबकि सूरसागर और पीबीएम अस्पताल में बारिश का गंदा पानी तक सरकार नहीं निकलवा पाई है।

इसके अलावा भी शहर की बहुत सारी समस्याएं हैं जिनके समाधान के लिए लोग मुख्यमंत्री से उम्मीदें लगाए बैठे थे लेकिन मुख्यमंत्री दो दिनों में हवाई यात्राओं में ही व्यस्त रहीं।

डूडी ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में बहुत भ्रष्टाचार किया जा रहा है। सरकार ने खान आवंटन में करोड़ों रुपए का घोटाला किया है। इस मामले को लेकर विधानसभा में सरकार को घेरा गया तो सरकार बैकफुट पर गई और इसके बाद सरकार ने खान आवंटियों के कई लाइसेंस रद्द किए थे।

प्रेसवार्ता में शहर और देहात कांग्रेस अध्यक्ष के साथ जिला प्रमुख और कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

जवाब देने से बचते नजर आए डूडी

आज मीडिया से रूबरू होते हुए नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर जवाब देने से बचते नजर आए।

कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं से बचते हुए उन्होंने कहा कि ये केवल विरोधियों की साजिश है। कांग्रेस में मुख्यमत्री का निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी ही करेंगे।

गौरतलब है कि हाल ही में राजधानी जयपुर में आयोजित कांग्रेस की कार्यशाला में भी मुख्यमंत्री पद को लेकर गहलोत और पीसीसी चीफ सचिन पायलट के बीच शब्दों के काफी वार-पलटवार हुए थे।

 

Newsfastweb: