नहर में चल रहे जहरीले पानी को घेघड़ा झील में छोड़ने का निर्णय
बीकानेर। आईजीएनपी अधिकारियों ने नहर में आया जहरीला पानी छतरगढ़ क्षेत्र की घेघड़ा झील में छोड़ने का निर्णय लिया है। इसके चलते छतरगढ़ पुलिस ने घेघड़ा झील इलाके में रहने वाले लोगों को क्षेत्र खाली करने के लिए कह दिया है। पुलिस ने इलाके में इसकी मुनादी करवा दी है। पुलिस मौके पर मौजूद रहकर इलाके को खाली करवा रही है।
जानकारी के मुताबिक 507 के पास बने एस्केप से शनिवार शाम तक नहर में बह रहा जहरीला पानी छोड़ा जाएगा। नहर खाली होने के बाद शहरों में पेयजल आपूर्ति के लिए साफ पानी छोड़ा जाएगा।
गौरतलब है कि नहर में तकरीबन 70 किलोमीटर तक जहरीला पानी बह रहा है। इस दूषित पानी की समस्या के निस्तारण के लिए शुक्रवार सुबह कलक्टर सभागार में हुई उच्च स्तरीय बैठक में संभागीय आयुक्त एवं पदेन आयुक्त सीएडी डॉ. एनके गुप्ता ने यह आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए।










