ढोला-मारु होटल के पास हुई घटना
बीकानेर। शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था किस कदर लचर हो गई है, इसका उदाहरण आज दोपहर देखने को मिला। दिन दहाड़े एक महिला से चेन झपटी गई। वारदात सादुलगंज स्थित ढोला-मारू के पीछे वाली गली में हुई। पीड़ित महिला ने सदर थाने में परिवाद दिया है।
जानकारी के मुताबिक सोनगिरी कुआंं क्षेत्र में पुरानी पुलिस चौकी के पास रहने वाली मीनाक्षी बांठिया पत्नी देवेन्द्र बांठिया की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र में पुलिस को अवगत कराया गया है कि वह आज दोपहर लगभग सवा बारह बजे अपने बच्चे को लेने सैन्ट्रल एकेडमी स्कूल गई थी। बच्चे को लेकर वह अपनी स्कूटी से घर लौट रही थी।
ढोला-मारु के पीछे वाली गली में वह पहुंची ही थी कि पीछे से एक बाइक सवार आया और उसके गले में झपट्टा मार कर सोने की चेन तोड़ने की कोशिश करने लगा। अचानक हुई इस घटना से एकबारगी वह घबरा गई लेकिन साहस से काम लेते हुए उसने अपनी चेन को एक हाथ से पकड़ लिया। इस छीना-झपटी में चेन का कुछ हिस्सा पीड़िता के हाथ में रह गया और बाकि का हिस्सा नकाबपोश लेकर फरार हो गया।
मीनाक्षी ने कुछ दूरी तक तो स्कूटी उसके पीछे दौड़ाई भी लेकिन बाइक सवार गति बढ़ा कर वहां से फरार हो गया। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था और हेलमेट भी लगा रखा था। जिससे उसका चेहरा नहीं दिख सका है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की।











