महात्मा गांधी रोड पर यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग
बीकानेर। यातायात व्यवस्था पर बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल ने चिंता जताई है। यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल के प्रतिनिधिमण्डल ने आज पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में ज्ञापन भी दिया है।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल अध्यक्ष के जुगल राठी, बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया सहित कई उद्योगपतियों और व्यवसायियों ने ज्ञापन के जरिए पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा को अवगत कराया है कि वर्तमान में सादुलसिंह सर्किल एवं रतनबिहारी पार्क के पास चार पहिया एवं तिपहिया वाहनों को रोक लिया जाता है।
जिसके कारण शहर के इन दोनों तरफ के क्षेत्र से आने वाले लोगों को महात्मा गांधी रोड तक पहुंचने में परेशानी होती है। इसलिए मुख्य बाजार होने के कारण और आम जनता की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए पहले की तरह बेरियर प्रेमजी पॉइंट पर लगा दिए जाएं।
इसी तरह बड़ा हनुमानजी मन्दिर के पास भी जो बेरियर लगाए हुए हैं जिसके कारण गजनेर रोड, गिन्नानी एवं इस तरफ से आने वाले सारे आमजनों को परेशानी होती है इसलिए इस जगह से भी बेरियर हटा दिए जाएं।
इन सब अवरोधों के कारण कोटगेट, स्टेशन रोड, तोलियासर भैरूजी की गली और महात्मा गांधी रोड पर आम नागरिकों को तो परेशानी हो ही रही है साथ ही मुख्य बाजार के व्यापारियों के व्यापार पर भी काफी बुरा असर पड़ रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के प्रतिनिधिमंडल की समस्या को सुनते हुए निरिक्षण करवाकर जनता व व्यापारियों को जल्दी राहत दिलवाने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के दिलीपभाई पारिख, केके मेहता, महावीर पुरोहित, जयदयाल डूडी, महेंद्र दुसाद एवं शिवसिंह सहित कई उद्योगपति व व्यवसायी शामिल थे।











