बीएसएफ जवानों की मुस्तैदी, घुसपैठिए को मार गिराया

सीमा चौकी कैलाश की है घटना, जवानों की चेतावनी के बाद भी सीमा लांघने से नहीं रूका था घुसपैठिया।

बीकानेर। भारत-पाक सीमा की कैलाश पोस्ट पर भारतीय सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए भारतीय सीमा को लांघने की कोशिश करने वाले एक पाक घुसपैठिए को मारा है।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लगभग 3 बजे कैलाश पोस्ट पर जीरो लाइन के पास एक पाक नागरिक भारत में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा था। सीमा चौकी कैलाश पर तैनात जवान की उस पर नजर पड़ी तो जवान ने उसे ललकारते हुए वापस जाने की चेतावनी दी लेकिन पाक घुसपैठिए ने वापस जाने की बजाय भारतीय सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ बुरी भाषा का उपयोग किया।

पाकिस्तानी नागरिक ने कम्बल ओढ़ रखा था। सीमा सुरक्षा बल के जवान जब पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार करने के लिए आगे बढ़े तो पाकिस्तानी नागरिक ने कम्बल हटाने जैसी संदिग्ध हरकत की, जिस पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पाकिस्तानी नागरिक पर फायरिंग कर दी।

इस फायरिंग में पाकिस्तानी नागरिक मारा गया, हालांकि तलाशी के दौरान पाकिस्तानी नागरिक के पास से कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों तथा पुलिस को दी।

सूचना पर सीमा सुरक्षा बल के समादेष्टा के. गिरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भरतराज, पुलिस थानाधिकारी नरेश निर्वाण दल-बल सहित मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। मौका मुआयना तथा आवश्यक कार्रवाई करने के बाद पाकिस्तानी घुसपैठिए के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और शव को मोर्चरी रूम में रखवाया गया।

पुलिस अधीक्षक भरतराज ने बताया कि इस नागरिक के पास पाकिस्तानी दस्तावेज तथा पाकिस्तानी मुद्रा मिली है, जिससे इसके पाकिस्तानी होने के प्रमाण मिले है। पाकिस्तानी नागरिक का नाम एम. हुसैन है। हालांकि पाकिस्तान नागरिक के पास कोई कोई संदिग्ध वस्तु नही मिली है।

उन्होंने बताया कि शव की पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ फ्लैग मीटिंग की जाएगी।

 

Newsfastweb: