बीजेपी सरकार की अकर्मण्यता की वजह से दोनों जलाशय अधूरे – डॉ. कल्ला

बीछवाल और शोभासर में निर्माणाधीन हैं दो जलाशय

बीकानेर। प्रदेश के पूर्व जलदाय मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. बीडी कल्ला ने आज शोभासर व बीछवाल में निर्माणाधीन जलाशयों का निरीक्षण किया। दोनों जलाशयों के अधूरे पड़े होने और निर्माण कार्य बंद होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

 

डॉ.कल्ला ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जलाशयों का निर्माण समय पर पूरा हो जाता तो इस भीषण गर्मी और नहरबंदी में लोगों को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ता। उन्होंने कहा कि शहर व आसपास के 32 गांवों में भीषण गर्मी में पेयजल समस्या के दीर्घकालीन समाधान के लिए हमने ने करीब 619 करोड़ की परियोजना स्वीकृत की थी, जिसमें दो जलाशय, दो फिल्टर प्लांट सहित ओवर हेड पानी की टंकिया व पाइपलाइन का काम कराया जाना था। यह योजनाएं मई, 2024 तक पूरी हो जानी चाहिए थी लेकिन वर्तमान सरकार समय पर योजनाओं को पूरा नहीं कर पा रही है। जिससे योजनाओं की लागत बढ़ने के साथ आमजन को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की अकर्मण्यता के चलते काम लंबित हो रहे हैं। उन्होंने सीएम और जलदाय मंत्री से जल्द इन अधूरे पड़े जलाशयों को पूरा करवाकर आमजन को राहत देने की मांग की है।
गौरतलब है कि बीछवाल में निर्माणाधीन जलाशय का काम अभी तक 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है, यहां पानी को फिल्टर करने सहित अन्य सम्बन्धित मशीनें लगाने का काम शेष रहा है। वहीं, शोभासर में निर्माणाधीन जलाशय का काम काफी अधूरा पड़ा है। यहां जलाशय की एक दीवार ही बन सकी है। हैरत तो इस बात की है कि दोनों स्थानों पर निर्माणकार्य पूरी तरह से बंद दिखाई दिया है।

#Kaant K. Sharma / Bhawani Joshi 

www.newsfastweb.com

 

 

 

Newsfastweb: