देश में कल रात को देखा जा सकेगा ब्लड मून

बीकानेर। शुक्रवार रात को इस सदी के सबसे लम्बे चन्द्र ग्रहण के दौरान ब्लड मून को यहां देखा जा सकेगा। चन्द्र ग्रहण के चलते कल दोपहर ढाई बजे तक ही मंदिरों के पट खुले रहेंगे।

जानकारों के मुताबिक चन्द्र ग्रहण 2018 के दौरान चन्द्रमा पृथ्वी के साये में पूरी तरह एक घंटा 43 मिनट तक रहेगा। यह अवधि पूर्ण चन्द्र ग्रहण की है। वैसे, चन्द्र ग्रहण का कुल वक्त छह घंटे से ज्यादा का है।

चन्द्र ग्रहण के दौरान ब्लड मून जैसी खगोलीय घटना भी देखने को मिलेगी। ब्लड मून के दौरान चन्द्रमा पूरी तरह से लाल रंग का नजर आता है। अच्छी बात यह है कि ब्लड मून 2018 को पूरी तरह से देश भर में भी देखा जा सकेगा।

जानकारी के मुताबिक भारत में चन्द्र ग्रहण 11 बजकर 44 मिनट से दिखना शुरू होगा। पूर्ण चन्द्र ग्रहण 28 जुलाई रात 1 बजे शुरू हो जाएगा। रात एक बजकर 15 मिनट पर चन्द्रमा पृथ्वी की छाया में पूरी तरह से आ जाएगा।

ऐसी स्थिति 2 बजकर 43 मिनट तक बनी रहेगी। इस दौरान चन्द्रमा पूरी तरह से लाल रंग का हो जाएगा, जिसे ब्लड मून के नाम से जाना जाता है। चन्द्र ग्रहण सुबह 4 बजकर 28 मिनट तक रहेगा लेकिन प्रभाव उतना खूबसूरत नहीं होगा।

ग्रामीण इलाकों में लोग इस खगोलीय घटना का भरपूर आनन्द ले सकेंगे। हालांकि मानसून मौसम होने के कारण चन्द्रमा बादलों में छिपा भी रह सकता है।

ये है ब्लड मून

27 जुलाई, 2018 को होने वाले चन्द्र ग्रहण में ब्लड मून भी देखने को मिलेगा। इस दौरान चन्द्रमा लाल रंग का नजर आएगा।

जानकारी के मुताबिक ऐसा तब होता है जब कुछ समय के लिए चन्द्रमा अन्तरिक्ष में धरती की छाया से गुजरता है। इस दौरान सूर्य की रोशनी धरती के वायुमंडल से गुजरते वक्त बिखर जाती है। इस दौरान लाल रंग की तरंगें ब्लू और बैंगनी रंग की तरंगों की तुलना में कम बिखरती हैं। इस कारण हमें लगता है कि चन्द्रमा पूरी तरह से लाल रंग का हो गया है।

इस वजह से खास है यह चन्द्र ग्रहण

27 जुलाई की रात को लगने वाले यह चन्द्र ग्रहण सदी का सबसे लम्बा चन्द्र ग्रहण होगा। इसके बाद 9 जून, 2123 में इतना लंबा चन्द्र ग्रहण देखने को मिलेगा।

इसकी कई वजह बताई जा रही है। इनमें से एक है, अपनी-अपनी परिधि में चन्द्रमा और धरती का एक-दूसरे से ज्यादा दूर होना। इस कारण चन्द्रमा आम तौर से ज्यादा छोटा नजर आता है। खासकर सुपर मून बेहद ही छोटा, जब चन्द्रमा धरती के बेहद ही करीब होता है।

 

Newsfastweb: