नवजात को स्नानागार से
फेंक गई थी,
शिशु अस्पताल में भर्ती है
नन्हीं जान
बीकानेर। जवाहर नगर स्थित आशीर्वाद नर्सिग होम में एक अविवाहित युवती द्वारा अपनी नवजात बच्ची को स्नानागार की खिड़की से बाहर फेंककर चली जाने के मामले में नर्सिंग होम संचालिका ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने संचालिका और अन्य स्टाफकर्मियों के बयान लेकर मामले में पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक आर्शीवाद नर्सिंग होम की संचालिका डॉ. मीनाक्षी गोम्बर की ओर से दी गई रिपोर्ट में पुलिस को बताया गया है कि सोमवार देर शाम जब नर्सिग होम में थी, उस दौरान पारीक चौक में रहने वाली एक युवती अपनी मां के साथ वहां आई। युवती ने अपने पेट में तेज दर्द की तकलीफ बतायी तो नर्सिंग स्टाफ ने उसके दर्द निवारक इंजेक्शन लगा दिया था।
थोड़ी देर बाद युवती वहीं पास में स्थित स्नानागार में चली गई और वहीं पर उसके प्रसव हो गया था। प्रसव में पैदा हुई बच्ची को उसने स्नानागार की खिड़की से गैलेरी में फेंक दिया। इसके बाद जल्दबाजी में अपनी मां के साथ निकल वहां से चली गई।
थोड़ी देर बाद स्टाफकर्मियों ने स्नानागार की गैलेरी में बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने नवजात जान को रोते हुए देखा। नर्सिंग होम के स्टाफकर्मियों ने उस नन्हीं जान को संभाला और डॉ. मीनाक्षी गोम्बर को सूचना की।
डॉ. गोम्बर की सूचना पर नया शहर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीबीएम के शिशु अस्पताल में भर्ती कराया। डॉ. मीनाक्षी गोम्बर ने बताया कि जो युवती नवजात बच्ची को फेंक कर गई है, उसकी सारी रिकॉर्डिंग नर्सिग होम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि आज भी पुलिस मौके पर गई थी और वहां लगे सीसी कैमरों में कैद हुए इस प्रकरण के सारे फूटेज हासिल कर लिए हैं। आगे की जांच की जा रही है।