राजस्थान गौरव यात्रा में अहम भूमिका निभाएंगे भाजपा के अग्रिम संगठन

2392
शाह

कांग्रेस के परंपरागत वोट बैंक पर रहेगी खास नजर

बीकानेर/जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा में पार्टी के अग्रिम संगठनों की अहम भूमिका रहेगी। इन संगठनों को इस यात्रा में भीड़ जुटाने से लेकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाने की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता यात्रा के दौरान जगह-जगह बाइक रैली के रूप में यात्रा का खास आकर्षण रहेंगे। वहीं महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मुख्यमंत्री और इनकी यात्रा में शामिल लोगों का परंपरागत तरीके से स्वागत करेंगी।

यात्रा में सर्वसमाज और सभी जाति-समुदायों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर भाजपा के अग्रिम संगठनों के साथ ही विभिन्न मोर्चे अभी से सक्रिय हो गए हैं।

इन मोर्चों का खास फोकस प्रतिपक्ष का प्रमुख वोट बैंक यानी आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग पर रहेगा। राजस्थान गौरव यात्रा में इन सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।

भीड़ जुटाने को लेकर मिला लक्ष्य

राजस्थान गौरव यात्रा के आगाज के बाद कांकरोली में होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सभा में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) को प्रदेशभर से 30 हजार युवाओं को बुलाने का लक्ष्य दिया गया है।

वहीं महिला मोर्चा और अन्य मोर्चों को भी ज्यादा से ज्यादा संख्या में सभा एवं यात्रा के हर पड़ाव में कार्यकर्ता लाने के निर्देश दिए गए हैं।

अग्रिम संगठन और मोर्चे के कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी यात्रा में लेकर आएंगे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इनसे रूबरू होंगी।

किसान मोर्चा देगा 10 लाख किसानों के हस्ताक्षर के साथ धन्यवाद

मुख्यमंत्री की प्रदेशव्यापी राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान भाजपा का अग्रिम संगठन किसान मोर्चा मुख्यमंत्री को दस लाख किसानों के हस्ताक्षर वाला धन्यवाद पत्र मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को सौंपेंगे। इसकी एक प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी दी जाएगी।

जानकारी के मुताबिक किसान मोर्चे की ओर से फिलहाल हस्ताक्षर अभियान जारी है। इस पत्र के माध्यम से फसलों के समर्थन मूल्य में डेढ़ गुना इजाफा करने एवं कर्ज माफी के निर्णय को लेकर सरकार का धन्यवाद दिया जाएगा।

यात्रा में नजर आएगी राजस्थानी संस्कृति की झलक

मुख्यमंत्री की यात्रा में अलग-अलग जिलों के कार्यकर्ता लोक-कलाकारों की मंडलियों के साथ झूमते-नाचते शामिल होंगे। विभिन्न पड़ावों पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं की बाइक रैली के साथ ही किसान मोर्चा के परंपरागत वेशभूषा में पगड़ी और केसरिया दुपट्टा ओढ़े कार्यकर्ताओं की रैली यात्रा का आकर्षण बढ़ाएगी।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.