भाजपा : सौ विधायकों के टिकट काटने की तैयारी

 केन्द्रीय नेतृत्व के सामने भी जाएगा यह मुद्दा

बीकानेर। प्रदेश मेंं इस बार होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा अपने मौजूदा विधायकों में से सौ विधायकों के टिकट काटने की तैयारी कर रही है। ऐसा राजनीतिक सूत्र बता रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक चुनाव पूर्व सर्वे और गुप्तचर विभाग की रिपोर्ट के आधार पर भाजपा अपने 100 मौजूदा विधायकों के टिकट काटने की तैयारी में है। इनमें से संभाग के किस-किस एमएलए का पत्ता कटेगा, यह अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन इस बारे में कयास लगाए जाने शुरू हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक भाजपा ने मुम्बई की निजी एजेंसी से यह सर्वे कराया है। एजेंसी के सर्वेयर 20 जून से 5 जुलाई तक प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में गए बताए जा रहे हैं।

उन्होंने वर्तमान विधायक के बारे में आम लोगों के बारे में सोच, सरकार के बारे में सोच और आगामी विधानसभा चुनाव में संभावित भाजपा उम्मीदवारों के बारे में पूछा बताया जा रहा है।

सर्वे में सामने आया कि पहले के मुकाबले भाजपा की स्थिति में सुधार हुआ है लेकिन एक सौ विधायकों की स्थिति अच्छी नहीं है।

सर्वे करने वाली एजेंसी ने एक सौ विधायकों को इस बार चुनाव में टिकट नहीं देकर नए लोगों को आजमाने पर जोर दिया है। इसी प्रकार की राय राज्य गुप्तचर विभाग ने भी दी है, ऐसा सूत्रों का कहना है।

जयपुर से मिल रही खबरों को माना जाए तो सर्वे एजेंसी और गुप्तचर विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने करीब 100 मौजूदा विधायकों के टिकट काटने का मन बनाया है।

उन्होंने इस बारे में पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश खन्ना से चर्चा की है और अब इस बारे में प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।

इसके उपरांत यह मुद्दा केन्द्रीय नेतृत्व के सामने भी जाएगा। जिन विधायकों के टिकट काटने की बात आई है, उनमेंं पांच मंत्री और संसदीय सचिव बताए जा रहे हैं।

इस सर्वे की रिपोर्ट के बारे में भाजपा नेताओं में भी चर्चा हो रही है। परस्पर चर्चा में उन विधायकों के नाम भी लिए जा रहे हैं, जिनका टिकट कट सकता है।

मतदाताओं की नब्ज को टटोला जा रहा है सर्वे में

विधानसभा चुनाव से पूर्व करवाए जा रहे इस सर्वे के आधार पर मतदाताओं की नब्ज टटोली जा रही है। जानकारी के मुताबिक निजी एजेंसी की ओर से करवाए जा रहे सर्वे में 10 पन्नों का फार्म है, जिसमें दर्ज सवालों के जवाब पूछे जा रहे हैं।

इनमें कौनसी पार्टी में विधायक टिकट के दावेदार कितने हैं, उनका क्रम, मौजूदा विधायक को पिछली बार टिकट क्यों मिली, उनके जीतने के क्या कारण रहे, स्थानीय समस्याएं और जातीय समीकरण की भूमिका क्या रहेगी, जैसे सवाल शामिल बताए गए हैं।

 

Newsfastweb: