कल हो सकता है भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर फैसला !

मुख्यमंत्री सहित एक दर्जन नेता दिल्ली पहुंचे

जयपुर। प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष कौन होगा? पिछले डेढ़ महीने से इस पर बना संशय और चल रही चर्चाओं का दौर कल खत्म हो सकता है। कल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक हो रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सहित एक दर्जन नेता आज दिल्ली पहुंच जाएंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को लेकर शीर्ष नेतृत्व और राज्य इकाई में बीते डेढ़ महीने से टकराव चल रहा है। क्योंकि केन्द्र की ओर से अपनी पसन्द के नाम को आगे किया गया था लेकिन राज्य के पार्टी नेताओं ने उसे स्वीकार नहीं किया।

सहमति और असहमति के बीच डेढ़ महीने से ज्यादा समय निकल गया। चुनाव नजदीक आते जाने की वजह से राज्य के पार्टी नेताओं में चिंता भी बढ़ने लगी थी। गौरतलब है कि केन्द्र की ओर से जोधपुर सांसद गजेन्द्रसिंह शेखावत का नाम प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए आगे किया गया था लेकिन राज्य इकाई ने इस नाम पर सहमति नहीं जताई थी।

राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक अब एक बार फिर से शीर्षस्थ नेताओं की ओर से गजेन्द्रसिंह शेखावत के नाम पर सर्वसम्मति बनाने की कोशिशें की जा रही हैं। कल दिल्ली में होने वाली बैठक में इसी नाम पर चर्चा हो सकती है और सहमति भी बन सकती है।

जोधपुर सांसद के नाम पर सहमति नहीं बन पाने के बाद प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए केन्द्रीय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल का नाम भी आया था, जिससे अनुसूचित जाति, जनजाति के लोगों की नाराजगी को चुनाव में साधा जा सके, लेकिन दो अप्रेल को भारत बंद के बाद सवर्णों की नाराजगी बनने से पार्टी के शीर्षस्थ नेता रिस्क लेने की स्थिति में नहीं है।

फिर भाजपा में आकर राज्यसभा पहुंचे किरोड़ीलाल मीणा का नाम भी उभरा, लेकिन उनकी स्वीकार्यता और गुर्जर फैक्टर आड़े आ गया। मंत्री अरुण चतुर्वेदी का नाम भी सामने आयाए, लेकिन उन्हें इस पद पर आने के लिए मंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। मंत्रीमण्डल में उनकी जगह लेने वाला कोई और प्रभावी ब्राह्मण नेता नजर नहीं आ रहा है।

फिलहाल अब सबकी निगाहें कल दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पर होने वाली बैठक पर है। यहां से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के नाम की घोषणा होने की प्रबल संभावना है।

 

 

Newsfastweb: