भाजपा : पसन्द के चेहरे ही कार्यकारिणी में होंगे शामिल

2537
दस हजार दावेदार
विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेशाध्यक्ष नहीं चाहते पार्टी में नहीं अन्दरूनी कलह

जयपुर/बीकानेर। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी कोई बड़ा बदलाव करने के मूड में नहीं हैं, लेकिन वे जल्दी ही कार्यकारिणी में अपनी पसन्द के चेहरों को शामिल कर सकते हैं। साथ ही वे कार्यकारिणी में रिक्त पड़े पदों पर भी नियुक्तियां कर सकते हैं।

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जल्दी ही अपनी कार्यकारिणी में फेरबदल कर सकते हैं। वहीं महामंत्री, उपाध्यक्ष और मंंत्री जैसे पदों पर जातीय समीकरणों के हिसाब से नियुक्तियां भी कर सकते हैं।

दिल्ली में मंगलवार को हुई भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी की मुलाकात के बाद प्रदेश भाजपा में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने लगभग एक सप्ताह पहले ही प्रदेश भाजपा की कमान संभाली है।

सैनी के प्रदेशाध्यक्ष बनते ही प्रदेश भाजपा में चर्चाएं होनी शुरू हो गई थीं कि वे अब प्रदेश कार्यकारिणी की नई टीम बनाएंगे, लेकिन मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात में सैनी को कार्यकारिणी में बदलाव करने के लिए ज्यादा फ्री हैंड नहीं दिया गया है।

सूत्रों ने बताया कि सैनी कार्यकारिणी में बदलाव तो करेंगे लेकिन विधानसभा चुनाव की जरूरत के हिसाब से ही यह बदलाव होगा। हां, इतना जरूर तय माना जा रहा है कि प्रदेश कार्यकारिणी में कुछ चेहरे उनकी पसन्द के होंगे और कुछ को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

पदाधिकारियों की जांची जाएगी सक्रियता

पार्टी में चर्चा चल रही है कि सैनी महामंत्री, उपाध्यक्ष और मंत्री जैसे पदों पर भी नियुक्तियां करेंगे। इससे पहले कार्यकारिणी में कुछ पदाधिकारियों की अब तक की सक्रियता को जांचा जाएगा और इसी आधार पर निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर कर उनकी जगह नए पदाधिकारियों बनाए जाएंगे।

हालांकि यह पूरी कवायद जातीय समीकरण, विधानसभा चुनाव की जरूरत के हिसाब से किया जाएगा जिससे चुनाव से पहले पार्टी में अन्दरूनी कलह नहीं पनप सके।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.