बीकानेर। चित्रकूट नगर में क्रिकेट पर खाईवाली कर रहे तीन जनों को जयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन तीन सटोरियों में से दो सटोरिये (क्रिकेट बुकी) बीकानेर के बताए जा रहे हैं।
वैशाली नगर थाना प्रभारी राजेन्द्रसिंह ने बताया कि जरिए मुखबिर सूचना मिली थी कि चित्रकूट नगर के सेक्टर तीन स्थित एक फ्लैट में क्रिकेट बुक चलाई जा रही है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा तो वहां तीन जने इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच हो रहे एक दिवसीय मैच पर सट्टा लगा रहे थे। पकड़े गए क्रिकेट बुकी में जस्सूसर गेट क्षेत्र निवासी सुनीतकुमार पुत्र बलदेव बागड़ी, श्रीडूंगरगढ के बिग्गा निवासी मुखराम पुत्र रामेश्वरलाल और जयपुर के गोपालपुरा निवासी मनीष जैन शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो लैपटॉप, 15 मोबाइल, दो डोंगल, दो रिकॉर्डर, 1 एलईडी, 1 लाइन सूटकेस, 42560 रुपए की नकदी बरामद की।
बताया जाता है कि तीनों बुकियों ने आईपीएल सीजन में अपनी बुक शुरू की थी। तीनों बुकियों के तार यहां बीकानेर मे क्रिकेट सट्टा जगत के बड़े बुकियों से जुड़े हुए है।