बीकानेर : ‘राजस्थान डिजिफेस्ट’ 25 से 27 जुलाई तक

2474
‘राजस्थान डिजिफेस्ट’

तैयारियां परवान पर,  मिलेंगे रोजगार के अवसर

बीकानेर। सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग की ओर से ‘चौथा राजस्थान डिजिफेस्ट’ 25 से 27 जुलाई तक राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय और आईटीआई  इंंस्टीट्यूूूट के परिसरों में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन आईटी से जुड़े लोगों को अपने कौशल व नवाचारों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा।

कार्यक्रम शुरुआत 25 जुलाई को 2 किलोमीटर लम्बी दौड़ (टैक-रश) के साथ होगी। यह दौड़ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने और 5 हजार से ज्यादा पुरस्कार जीतने का मौका देगी।

‘राजस्थान डिजिफेस्ट’ का मुख्य आकर्षण 26 जुलाई को आयोजित होने वाला ‘हैकथॉन 5.0’ होगा। लगातार 24 घंटे चलने वाली यह प्रतियोगिता देश के उत्कृष्ट कोडर्स, डेवलपर्स और डिजाइनर्स को आईटी के क्षेत्र में अपने कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर देगी। हैकथॉन के तीन सर्वोत्तम विजेताओं को सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के साथ काम करने का अवसर व सरकार के साथ 32.5 लाख रुपए की प्रवेश परियोजना ‘एंट्री प्रोजेक्ट’ जीतने का मौका मिलेगा।

‘ग्रीन-ए-थॉन’ और ‘एड्युहैक’ का होगा आयोजन

सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग द्वारा 26 व 27 जुलाई को ‘ग्रीन-ए-थॉन’ के दूसरे संस्करण का आयोजन किया जाएगा। ‘ग्रीन-ए-थॉन’ 24 घंटे की एक कोडिंग प्रतियोगिता होगी, जो प्रतिभागियों को पर्यावरणीय मुद्दों से संबंधित अपने नवाचारों को प्रस्तुत करने के लिए एक मंच देगी।

इस प्रतियोगिता के विजेताओं को भी 32.5 लाख रुपए की प्रवेश परियोजना के साथ राजस्थान सरकार के साथ काम करने का मौका मिलेगा। इसके अतिरिक्त ई-मित्र सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ई-मित्र हैकथॉन एवं नई शैक्षिक तकनीकों का आविष्कार करने के लिए ‘एड्युहैक’ जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन 26 जुलाई को किया जाएगा।

 मिलेंगे रोजगार के अवसर

डिजीफेस्ट के दौरान आईटीआई इंस्टीट्यूट में राजस्थान रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। नौकरी के हजारों अवसरों के साथ यह जॉब फेयर नियोक्ताओं, तकनीकी प्रबंधकों और उम्मीदवारों को एक ही मंच पर लाएगा।

यह प्लेटफॉर्म न सिर्फ भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाएगा बल्कि यह भी जानकारी प्रदान करेगा कि अग्रणी कंपनियां किस तरह के स्किल की तलाश कर रही हैं। इसमें सौ से अधिक कंपनियां भाग लेंगी। प्रतिभागी इवेंट की वेबसाइट पर नि:शुल्क पंजीकरण कर सकते हैं।

‘स्टार्टअप फेस्ट’ और ‘आई-टी प्रदर्शनी’ होगी आकर्षण

उद्यमियों व अन्वेषकों की आवाज को संगठित करते हुए 26 और 27 जुलाई को राजस्थान स्टार्टअप फेस्ट का आयोजन भी होगा। यह ‘स्टार्टअप फेस्ट’ उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ देश के उभरते हुए स्टार्टअप्स को भी प्रोत्साहित करेगा।

राज्य सरकार द्वारा किए गए नवीनतम आविष्कारों को लोगों के सामने लाने के लिए सबसे बड़ी ‘आई-टी प्रदर्शनी’ का आयोजन भी किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में सरकार के ऐसे नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिन्होंने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

तैयारियों से संबंधित बैठक हुई आयोजित

‘राजस्थान डिजिफेस्ट’ समारोह की तैयारियों के संबंध में बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन यशवन्त भाकर की अध्यक्षता में बुधवार को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय सभागार में आयोजित की गई।

इस अवसर पर भाकर ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग द्वारा आयोजित होने वाला यह समारोह प्रदेश में डिजीटल क्रांति के बढ़ते कदमों व नवाचारों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

उन्होंने कहा कि डिजिफेस्ट के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभाग, कार्ययोजना के तहत समन्वय से कार्य करें।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.