बीकानेर। बीकानेर के युवा रंगकर्मी व साहित्यकार नवलकिशोर व्यास (Naval Vyas) ने हाल ही में अमिताभ बच्चन के साथ भारत सरकार के ऊर्जा, स्वच्छता और पर्यावरण के संदेश पर बनी विज्ञापन फिल्म में कार्य किया है।
कलाधर्मी नवल ने बताया कि इस विज्ञापन फिल्म में बिजली और पानी का सही इस्तेमाल करने और प्लास्टिक थैलियों का उपयोग न कर कपड़े के थैलों के इस्तेमाल करने का संदेश दिया गया है। फिल्म का निर्देशन प्रह्लाद कुक्कड़ ने किया। व्यास ने पूर्व में भी कई फिल्मों तथा नाटकों में कार्य किया है।
सरलता से परिपूर्ण हैं अमिताभ
रंगकर्मी व्यास ने बताया कि तीन दिन चली इस शूटिंग में अमिताभ बच्चन की सबसे खास बात यह लगी कि वे हर शॉट से पहले तीन-चार बार रिहर्सल कर लेते थे, जिससे मैं भी काफी कम्फर्ट हो जाता था। अमिताभ बच्चन व एड शूट टीम के साथ काम करके बहुत कुछ सीखने को मिला।