गोशाला निर्माण कार्य का भूमि पूजन

2390
गोशाला निर्माण

बिन ब़ुलाए पहुंचे कांग्रेस के पदाधिकारी

बीकानेर। निराश्रित जानवरों के लिए बनने वाली गोशाला की भूमि पर गुरुवार को ठेकेदार ने पूजन कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि गोशाला निर्माण के विधिवत भूमि पूजन के लिए नगर निगम की ओर से कार्यक्रम बाद में आयोजित करने की बात भी सामने आई है लेकिन आज हुई औपचारिकता के दौरान कांग्रेसजनों की मौजूदगी, इसे राजनीति का रंग चढ़ा गई।

गोशाला के निर्माण को मुद्दा बनाकर आन्दोलन करने वाली कांग्रेस के पदाधिकारियों को जब इस भूमि पूजन की सूचना मिली तो शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत और पीसीसी सदस्य गोपाल गहलोत के साथ कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और पूजन में शामिल हो गए।

महापौर नारायण चौपड़ा का कहना है कि नगर निगम की ओर से शिलान्यास का कार्यक्रम बाद में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। फिलहाल तो ठेकेदार ने कार्यादेश मिलने के बाद प्रस्तावित भूमि पर कार्य शुरू करने के लिए पूजन किया है। ये सामान्य सी बात है, क्योंकि कोई भी फर्म या ठेकेदार जब नया कार्य शुरू करता है तो वहां पर पूजन करते हैं।

गोशाला निर्माण के लिए हुए भूमि पूजन कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों की मौजूदगी को देख कर तो राजनीति से जुड़े लोग यही मान रहे हैं कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस गोशाला के कार्य का लाभ लेने में जुटी है। वहीं महापौर इसका विधिवत शिलान्यास कर इसे भाजपा की उपलब्धि बनाने में जुटे नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि नगर निगम ने हाल ही में केसरीचंद कंस्ट्रक्शन कम्पनी को गोशाला में निर्माण करवाने का कार्य दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गोशाला निर्माण से आमजन को राहत मिलेगी।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.