पत्रकार बन कर लोगों से वसूली करने वाला युवक सलाखों के पीछे

वीडियो बनाकर यू ट्यूब पर करता था अपलोड, महिलाओं ने की पिटाई

नोखा। पत्रकार बन कर लोगों से वसूली करने के आरोप में एक युवक की महिलाओं ने जबरदस्त पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पत्रकार बने इस युवक की नाजायज करतूतों से पीड़ित कस्बे की एक महिला फिलहाल इस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवा रही है।

जानकारी के मुताबिक कन्हैया नाम का यह युवक पहले कस्बे में डांस क्लासेज संचालित करता था। पिछले कुछ दिनों से यह वीडियो रिकॉर्डिंग कर यू ट्यूब पर अपलोड करने का काम करने लग गया। आज यह कस्बे के वार्ड 21 में स्थित किसी घर में घुस गया और वहां महिलाओं की रिकॉर्डिंग करने लगा।

यह देख घर की महिलाओं ने इसे पकड़ लिया और आस-पास की महिलाएं बुला कर इसकी धुनाई कर दी। बाद में घर के पुरुषों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर इसे पकड़ लिया और हवालात में डाल दिया। पुलिस ने आरोपी युवक का मेडिकल मुआयना भी कराया है।

पहले भी लोगों ने किया था विरोध

नोखा के लोगों के मुताबिक कुछ दिनों पहले कन्हैया कस्बे के राजकीय अस्पताल में महिला प्रसव वार्ड में रात को घुस गया था। वहां भी इसने महिला रोगियों की वीडियो रिकॉर्डिंग की। उस दौरान अस्पताल कर्मचारियों ने इसका विरोध किया लेकिन इसने अपने आप को पत्रकार बताया और वहां से निकल आया। सुबह कस्बे के मौजीज लोगों ने इसे काफी समझाया और आगे से इस प्रकार की करतूत न करने की हिदायत दी।

इसके बाद भी यह युवक अपनी करतूतों से बाज नहीं आया और कुछ दिनों पहले वहां यातायात पुलिस के वीडियो बना कर उन्हें यू ट्यूब पर अपलोड किया। लोगों का आरोप है कि कन्हैया पत्रकार नहीं है। किसी भी संस्थान से इसका जुड़ाव नहीं है। ये वीडियो क्लिप बनाकर यहां लोगों पर पत्रकार होने का रौब गांठता है और उनसे वसूली करता है। जब ये डांस क्लासेज चलाता था, तब भी लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने के विवाद में कई बार फंसा था।

बीकानेर में भी हैं कई ‘कन्हैया’

गौरतलब है कि बीकानेर भी इन दिनों ऐसे ‘कन्हैयाओं’ की करतूतों को झेल रहा है। शहर में ऐसे बहुत से युवक हैं जो कैमरा लटकाए या किसी अन्य शहर के मीडिया संस्थान के आईकार्ड गले में लटका कर अपने आपको पत्रकार कहते हैं लेकिन असल में उनका कार्य कुछ और ही होता है। बहुत से युवक कैमरों से या फिर अपने मोबाइल से वीडियो क्लिप तैयार कर उसे यू ट्यूब पर अपलोड कर देते हैं और उनके लिंक वाट्सएप व अन्य सोशल साइट्स पर पोस्ट कर देते हैं, जिससे लोगों को यह लगने लगे कि यह पत्रकार है।

पत्रकार के रूप में ये अन्य लोगों की कमजोरियों की कीमत उनसे रुपए लेकर वसूलते हैं। जिसकी वजह से वे पत्रकार बदनाम हो रहे हैं, जो अपने काम को वर्षों से इमानदारी से अंजाम दे रहे हैं और उनके दामन पर आज तक कोई दाग नहीं लगा है। पत्रकार बन कर लोगों से वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पत्रकार संगठन तैयारी में जुटे हैं।

 

Newsfastweb: