बाइक सवार दो लड़कों ने भवन के अंदर बम फेंका और वहां से भाग गए
नई दिल्ली। अमृतसर के राजसांसी गांव स्थित निरंकारी भवन में आज धमाका हो गया है। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि 10 लोग घायल हो गए हैं। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चश्मदीदों के अनुसार बाइक सवार दो लड़कों ने निरंकारी भवन के अंदर बम फेंका और वहां से भाग गए। दोनों ही लड़कों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था।
हालांकि लड़के कौन थे, उनका इरादा क्या था, इस हरकत के पीछे किस संगठन का हाथ है, इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
घटना पर पंजाब कांग्रेस प्रमुख सुनील जाखड़ ने दुख जाहिर किया है। सुनील जाखड़ ने कहा कि मेरी सहानुभूति घटना में मारे गए लोगों के परिवार के साथ है। यह पंजाब में शांति भंग करने की कोशिश है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहना चाहिए और शांति बनाए रखने के लिए एक-दूसरे से संपर्क में रहना चाहिए।
गौरतलब है कि अलकायदा कमांडर जाकिर मूसा के पंजाब में छिपे होने की आशंका के बाद से ही प्रदेश में सुरक्षा के प्रबंध कड़े कर दिए गए हैं। पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी है। वहीं दिल्ली सहित अन्य प्रदेशों में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है।











