पलाना के पास हुआ हादसा, घायल ट्रोमा सेन्टर में भर्ती
बीकानेर : राजमार्ग-89 पर पलाना के पास आज दोपहर बाद एम्बूलेंस-कार की भिड़न्त हो गई। इस सडक़ हादसे में दो जनों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन जने गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची देशनोक पुलिस ने घायलों को बीकानेर के ट्रोमा सेन्टर पहुंचाया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान भंवरलाल पुत्र रामेश्वरलाल और सुरजाराम पुत्र मेहराजराम के रूप में की है। दोनों मृतक पलाना के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक एम्बूलेंस नोखा की तरफ से बीकानेर की ओर आ रही थी। तभी भंवरलाल और सुरजाराम अपनी कार लेकर नोखा की तरफ जा रहे थे। अचानक हुई गलतफहमी से दोनों गाड़ियां आपस में भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर लोग जमा हो गए। इसी बीच किसी ने देशनोक थाने में फोन कर हादसे की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बूलेंस में सवार तीनों को घायल अवस्था में ट्रोमा सेन्टर पहुंचाया। फिलहाल पुलिस शवों का पोस्टमार्टम करवा रही है।











