साथ नहीं चल पत्नी, पेट्रोल छिडक़ कर लगा ली आग
बीकानेर। पति-पत्नी के बीच कहासुनी होना यूं तो आम बात है लेकिन कई बार आपसी समन्वय नहीं होने से हालात काफी गंभीर हो जाते हैं और दोनों में से कोई एक ऐसी गलती कर बैठता है, जो सबके लिए परेशानी बन जाती है। ऐसा ही एक मामला गंगाशहर थाना क्षेत्र में सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अशोक कुमार (24) पुत्र मेघराज निवासी इन्द्रा चौक, नोखा का गंगाशहर क्षेत्र में ससुराल है। उसकी पत्नी गर्भवती थी और कई दिनों से अपने मायके में रह रही थी। अशोक ने गुरुवार को अपनी पत्नी से मोबाइल पर सम्पर्क किया और अपने घर चलने को कहा। इस पर उसकी पत्नी ने कहा कि वो उसके माता-पिता से ले जाने की बात करे। उसने अपनी पत्नी को उसकी मां से बात करवाने को कहा। पत्नी का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इस बात से अशोक नाराज हो गया और ससुराल के सामने पहुंच कर अपने पर पेट्रोल छिडक़ कर आग लगा ली। उस दौरान वहां आने-जाने वाले लोगों ने उसे ट्रोमा सेन्टर पहुंचाया। युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वह पीबीएम के बर्न वार्ड में भर्ती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।










