ढाई वर्ष बाद मिला गुमशुदा बेटा, परिवार में खुशी की लहर

2547
ढाई वर्ष बाद

बिना बताए निकला था घर से, दिल्ली के फाइव स्टार होटल में काम करता मिला

 

बीकानेर। मुरलीधर व्यास कॉलोनी में रहने वाले पिलानिया परिवार के घर आज ढाई वर्ष बाद खुशियां लौट आई हैं। इस घर का चिराग बिना बताए निकल गया लेकिन आज उसे सकुशल घर लौटा लाया गया है। बेटा लौट आने पर परिवार में खुशी का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक मुरलीधर व्यास कॉलोनी में रहने वाले मोहनलाल पिलानिया ने नयाशहर पुलिस थाने में 7 मार्च-2016 को प्रार्थना पत्र पेश करते हुए पुलिस को बताया था कि उनका 15 वर्षीय बेटा विजयकुमार उर्फ बंटी 5 मार्च से घर से बिना बताए निकल गया है। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है।

सोमवार को अचानक किसी मुखबिर की नयाशहर पुलिस के पास सूचना आई कि विजयकुमार उर्फ बंटी दिल्ली में सरोजनी नगर स्थित लीला पैलेस नाम की फाइव स्टार होटल में काम कर रहा है। इस सूचना की तस्दीक के लिए थाने के सहायक उपनिरीक्षक किसनाराम, मोहनलाल पिलानिया और उनके दोस्त राजेश दिल्ली गए।

एएसआई किसनाराम ने दिल्ली पुलिस की सहायता से विजयकुमार उर्फ बंटी को मेहमदपुर इलाके से दस्तयाब कर लिया और कुछ पूछताछ के बाद उसे यहां ले आए। यहां पहुंच कर पुलिस ने बंटी को उसके पिता मोहनलाल पिलानिया के सुपुर्द कर दिया।

विजय बिल्कुल स्वस्थ है और उसने पुलिस को तथा अपने परिजनों को बताया है कि ‘मैं स्वयं आत्मनिर्भर बनने और साइकलिंग में अवार्ड जीतने के लिए इधर से निकला था, परंतु ऐसा नहीं हुआ।’ अब ढाई वर्ष बाद घर का होनहार किशोर वापस लौटा तो पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.