बीकानेर। शहर में बुलेट बाइक से पटाखा छोड़ कर अपनी शान समझने वाले लोगों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई की।
यातायात थाना प्रभारी सुमेरसिंह ईंदा ने बताया कि रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बिपिन कुमार पांडेय ओर पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा ने बुलेट बाइक से पटाखा छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। काफी समय से इस बारे में शिकायतें भी मिल रही थीं।
शुक्रवार को यातायात पुलिस ने चार ऐसी बुलेट बाइक पकड़ी जिसके सवार उससे पटाखा छोड़ रहे थे। मिस्त्री बुलवाकर पकड़ी गई चारों बाइक में से उनके साइलेंसर बदलवाए गए और बाइक सवारों को आइंदा बाइक से पटाखा नहीं छोड़ने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
वहीं यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले चार जनों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
गौरतलब है कि शहर में ऐसी दर्जनों बुलेट बाइक हैं जिनके सवार बाइक को भीड़-भाड़ वाले इलाकों में तेज गति में बाइक चलाते हैं और बुलेट बाइक से तेज पटाखे की आवाज निकलते हैं, जिससे अन्य वाहन चालकों को और अन्य राहगीरों को परेशानी होती है।
कई जागरूक लोगों ने इस बारे में पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक से शिकायत भी की थी। समाजसेवी चोरू लाल सुथार ने कई महीनों से इसे रोकने के लिए मुहीम चला रखी थी।











