धर्म परिवर्तन करवाने का आरोप, लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ा, पुलिस को सौंपा

जामसर थाना क्षेत्र का है मामला, आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की प्रक्रिया जारी

धर्म परिवर्तन करवाने की कोशिश के पहले भी सामने आ चुके हैं कई मामले

बीकानेर। जामसर थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन करवाने का मामला सामने आया है। गांव के जागरूक लोगों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया है। लोगों की ओर से आरोपी के खिलाफ जामसर पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट दी गई है। समाचार संकलन तक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।

 

जानकारी के मुताबिक जामसर में रहने वाले करणाराम की ओर से दी गई रिपोर्ट में पुलिस को बताया गया है कि उसके पिता फूलनाथ बीमार है। गांव में ही रहने वाला हरपाल पुत्र फलकुराम उसके घर आया और कहा कि हिंदू देवी देवताओं की पूजा बंद करो और ईसाई धर्म अपनाओं। जिससे तुम्हारे पिता बिल्कुल ठीक हो जाएंगे और घर से सारी बीमारियां दूर हो जाएंगी। हरपाल ने उसे और उसके परिजनों को आर्थिक और भौतिक सुविधाएं दिलवाने का प्रलोभन देते हुए कहा कि मैने भी ईसाई धर्म अपनाया है। मेरे घर से बीमारियां दूर हो गई हैं।

 

इसी दौरान गांव के गजेसिंह, पुष्करनाथ महाराज, दीनाराम, मांगीलाल सुथार, पूर्णदास स्वामी, पंकज शर्मा, हेतराम ओड, पवन सहित अन्य लोग भी वहीं मौके पर पहुंच गए और आरोपी हरपाल को पकड़ कर थाने ले गए। तभी गांव के जागरूक लोगों ने हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों को इस मामले की सूचना दी। सूचना मिलने पर हिंदू जागरण मंच के शैलेष गुप्ता एडवोकेट और कैलाश भार्गव भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि आरोपी हरपाल खारा स्थित चर्च से जुड़ा है और आसपास के क्षेत्रों में जाकर भोले भाले लोगों को धर्म परिवर्तन करने के लिए प्रलोभन देता है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।

#Kaant K. Sharma / Bhawani Joshi 

www.newsfastweb.com

 

 

Newsfastweb: