आम आदमी पार्टी ने कर्नल बैंसला से मांगा समर्थन

प्रदेश में बन सकते हैं नए सियासी समीकरण

जयपुर/बीकानेर। विधानसभा चुनाव के नजदीक आते-आते प्रदेश में सियासी माहौल गर्माता जा रहा है। कांग्रेस, बीजेपी और भारत वाहिनी पार्टी के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) ने भी सरगर्मियां तेज कर दी हैं।

पार्टी के प्रदेश प्रभारी दीपक वाजपेयी की गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ीसिंह बैंसला से हुई मुलाकात ने एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। कर्नल बैंसला के साथ आप की इस नजदीकी को आगामी चुनाव में जोड़-तोड़ की नजर से देखा जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कर्नल बैंसला आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

आम आदमी पार्टी के प्रभारी वाजपेयी ने इस सियासी मुलाकात में कर्नल बैंसला से समर्थन मांगा है। बैंसला को आप पार्टी में शामिल होने का भी ऑफर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार इस मुलाकात से प्रदेश में नए सियासी समीकरण बन सकते हैं। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि कर्नल बैंसला आप को समर्थन देंगे या नहीं, लेकिन सियासी गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

गौरतलब है कि इसी साल 11 अप्रैल को आम आदमी पार्टी ने कुमार विश्वास को राजस्थान प्रभारी पद से हटा दिया था। उनकी जगह दीपक वाजपेयी को प्रदेश का नया प्रभारी बनाया गया।

यह फैसला आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी में लिया गया, जिसके पीछे यह दलील दी गई कि कुमार विश्वास के पास समय की कमी के चलते उन्हें प्रभारी के दायित्व से हटाया गया है।

 

Newsfastweb: