जयपुर। पहचान व अनिवार्य दस्तावेज के रूप में आधार कार्ड की सुरक्षा में बड़ी चूक इन दिनों सामने आई है। दो लोगों एक ही आधार नम्बर मिलना व युवक के आधार कार्ड पर महिला की फोटो अंकित होने जैसी चूक सामने आई है।
हाल ही में सीकर के दो नंबर डिस्पेंसरी इलाके में रहने वाले शिवांशु ने कुछ दिन पहले आधार कार्ड के लिए आवेदन किया था। उसका आधार कार्ड जब बन कर आया तो वह खुद उसे देख कर दंग रह गया। आधार कार्ड में फोटो तो उसका लगा है लेकिन नाम किसी सुमन पवार का लिखा हुआ है।
इसके बाद उसने आधार के नंबर ट्रेस करवाएं तो सीकर के ही वार्ड 28 की रहने वाली सुमन पवार का नाम पता चला। शिवांशु ने अपने स्तर पर खोजबीन करके जब सुमन पवार का पता लगाया और उसका आधार कार्ड देखा तो दोनों के आधार पर एक ही नंबर है।
एक आधार नंबर होने की वजह से उसका आधार उसके खाते से लिंक नहीं हो रहा है। उसने सरकारी विभागों में भी चक्कर लगाए लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब उसने प्रधानमंत्री को ट्वीट करके परेशानी बताई है। सीकर जिले में आधार में गड़बड़ी का यह पहला मामला नहीं है इससे पहले एक बार तो यहां पर हनुमान जी का भी आधार कार्ड बन गया था।











