पाक सीमा पर बनेगी 600 किमी लम्बी मानव शृंखला

2465
मानव शृंखला
लाखों लोग जुटेंगे राष्ट्रीयता के इस कार्यक्रम में

बीकानेर। 14 अगस्त को प्रदेश की अन्तरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ी चार जिलों में 600 किलोमीटर लम्बी मानव शृंखला बनाई जाएगी। स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीयता का संदेश देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।

इस आयोजन के तहत जिले में करीब 175 किलोमीटर मानव शृंखला बनाई जाएगी, जिसमें लगभग एक लाख से ज्यादा लोग हिस्सा लेंगे।

मानव शृंखला की तैयारियों के सम्बंध में आज जल संसाधन मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री डॉ. रामप्रताप की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।

उन्होंने बताया कि यह मानव शृंखला श्रीगंगानगर से बाड़मेर के विभिन्न क्षेत्रों में होगी। जिले में यह छतरगढ़, पूगल व कोलायत से गुजरेगी।

उन्होंने कहा कि देश के प्रति प्रेम, समर्पण और बलिदान की भावना जगाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। इससे भावी पीढ़ी में स्वतंत्रता दिवस की महत्ता का संदेश जाएगा और स्वतंत्रता की लड़ाई में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता का भाव पैदा हो सकेगा।

कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि यह मानव शृंखला 14 अगस्त को सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक बनाई जाएगी। इसमें स्कूलों व कॉलेजों के विद्यार्थी, स्काउट-गाइड, एनसीसी, नेहरू युवा केन्द्र, स्वयंसेवी संगठन, जनप्रतिनिधियों के साथ आमजन शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि इस दौरान देशभक्ति गीत व नृत्य, लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक एक किलोमीटर पर तिरंगा झंडा लगाया जाएगा। मानव शृंखला के बीच-बीच में गुब्बारे, झण्डे आदि लगाकर उसे आकर्षित बनाया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा ने बताया कि प्रत्येक बीस किमी पर एक डीवाईएसपी, दस किमी में एक इंस्पेक्टर तथा पांच किमी पर एक सब इंस्पेक्टर तैनात रहेगा।

साथ ही एक-एक किलोमीटर पर पुलिस के दो-दो जवान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि मानव शृंखला में व्यवस्था बनाए रखने के लिए 400 अधिकारी व पुलिस जवान तैनात रहेंगे।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा, भाजपा नेता डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, सहीराम दुसाद, सुधीश शर्मा, डॉ. विमला डुकवाल, अशोक बोबरवाल, मक्खनलाल अग्रवाल सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.