30 अगस्त तक होगा स्वच्छ सर्वेक्षण

2370

बीकानेर। पूरे देश में बुधवार, 1 से 30 अगस्त तक स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2018 आयोजित किया जा रहा है। बीकानेर जिले में इसकी तैयारियों के सम्बन्ध में जिला परिषद सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में ओडीएफ निरंतरता, स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण व माहवारी स्वच्छता प्रबन्धन योजना पर विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रमुख सुशीला सींवर ने बताया कि यह सर्वेक्षण भारत सरकार द्वारा चयनित स्वतंत्र सर्वेक्षण संस्थाओं के माध्यम से किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान स्वच्छता के विभिन्न मापदण्डों के आधार पर जिलों की रैंकिंग की जाएगी। सर्वोत्कृृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों एवं जिलों को 2 अक्टूबर 2018 को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

जिला कलक्टर डाॅ. एनके गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण का उद्देश्य स्वच्छता के मानकों पर जिले की रैंकिंग करना, स्वच्छता की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए सूचना शिक्षा व संचार गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों की स्वच्छता की स्थिति में सुधार लाना तथा इसे बेहतर बनाने हेतु आमजन के सुझावों को सम्मिलित करना है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के सम्बन्ध में स्वच्छता मोबाइल एप्प को डाउनलोड करवाकर अधिकाधिक आमजन के सुझावों व शिकायतों को एप्प में दर्ज करवाया जाए

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीतसिंह ने बताया कि सर्वेक्षण के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, हाट-बाजार व धार्मिक स्थानों का अवलोकन किया जाएगा। इसके तहत शौचालयों की उपलब्धता व उनके प्रयोग, कचरा प्रबन्धन व जल जमाव की स्थिति, ग्रामीणों में जागरूकता के अनुसार रैंकिंग तय की जाएगी।

होंगे अनेक कार्यक्रम

अभियान के तहत 8 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता आंदोलन के रूप में समुदाय की सहभागिता से सफाई अभियान आयोजित किया जाएगा। 15 अगस्त की पूर्व संध्या पर प्रत्येक ग्राम पंचायत पर स्वच्छता रैली व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 14 अगस्त तक ब्लाॅक स्तरीय ओडीएफ ओलम्पिक तथा 16 से 30 अगस्त तक जिला स्तरीय ओडीएफ ओलम्पिक का आयोजन किया जाएगा। वार्ड सदस्यों की बैठक आयोजित कर उन्हें जानकारी दी जाएगी। विद्यार्थियों के साथ स्वच्छता रैली, बाल संसद की बैठक एवं मातृृ समूहों की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। गांवों में स्वच्छता रथ, नुक्कड़ नाटकों व कठपुतली शो से जनजागरण किया जाएगा। नोडल विद्यालयों में चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.