जांच के बाद ही मिलेगी इस सत्र की एनओसी
बीकानेर। प्रदेश के निजी कॉलेजों पर सरकार ने नकेल कसने की पूरी तैयारी कर ली है। अब कॉलेजों की पूरी जानकारी विभाग के पास रहेगी। कॉलेज शिक्षा विभाग इसकी जांच कराएगा। यह जांच 17 अगस्त को कॉलेज आयुक्तालय के पास भेजी जाएगी। इस जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही इन कॉलेजों को इस सत्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक आए दिन कॉलेज शिक्षा विभाग को शिकायतें मिलती रहती हैं कि कॉलेज के पास स्वयं का भवन नहीं है, छात्र संख्या पूरी नहीं होने पर भी कई विषय संचालित हो रहे हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं हो सकेगा। अब इसकी जांच की जाएगी और फोटो भी विभाग को भेजने होंगे।
इसके साथ ही आए दिन विभाग को शैक्षणिक स्टाफ को लेकर भी शिकायतें मिलती हैं। कॉलेज शिक्षा आयुक्त ने जांच के लिए सरकारी कॉलेजों के प्रिंसीपल्स को जिम्मेदारी दी है। यह जांच दस प्रमुख बिन्दुओं के आधार पर होगी।
इस जांच में कॉलेजों के भवन व स्टाफ के फोटोग्राफ्स, विश्वविद्यालय की ओर से जारी अंतिम संबद्धता प्रमाण पत्र, राज्य सरकार द्वारा जारी अंतिम अनापत्ति प्रमाण पत्र, संकाय व कक्षावार विद्यार्थियों की संख्या, स्थिति के बारे में जांच करनी होगी।
इसके साथ ही कॉलेज का स्थापना वर्ष, संचालन की स्थिति, प्रवेशित विद्यार्थियों की संख्या, कार्यरत शैक्षिक व अशैक्षणिक स्टाफ की पूरी जानकारी देनी होगी।