बीकानेर। गुरुवार सुबह दंतौर थाना हवालात में अभियुक्त ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। दंतौर थाने से मिली जानकारी के अनुसार 25 अक्टूबर सुबह 9 से 11 बजे के बीच श्यामलाल उर्फ श्यामा मेघवाल हवालात की दीवारों से सिर फोड़ कर आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस कर्मियों ने उसे काबू में लेकर इलाज के लिये खाजूवाला के प्राथमिक स्वास्थ्य भिजवा दिया। थाना प्रभारी भजनलाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि श्याम मेघवाल को बुधवार दोपहर नशे की गोलियों की खेप के साथ गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमेें में बंद हवालात किया गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि हवालात मेें बंद श्यामलाल पूरी रात शोर-शराबा मचाता रहा। सुबह उसने हवालात की सलाखों से अपना सिर फोड़ कर खुदकुशी का प्रयास किया। इस अपराधिक कृत्य पर मुलजिम के खिलाफ खुदकुशी के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी श्यामलाल नशेड़ी किस्म का अपराधी है और पूछताछ में पुलिस का लगातार बरगला रहा है। फिलहाल उसे थाने की हवालात में कड़ी निगरानी में रखा गया है।