बीकानेर : संभागीय आयुक्त हनुमान सहाय मीणा ने बुधवार को न्याय आपके द्वार अभियान के तहत बांगड़सर में आयोजित राजस्व शिविर का निरीक्षण किया। मीणा ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकारी, शिविरों में पहुंच रहे ग्रामीणों को त्वरित राहत प्रदान करें।
संभागीय आयुक्त ने मेडिकल विभाग के काउण्टर पर दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। शिविरों में ग्रामीण महिलाओं को अधिकाधिक संख्या में लाकर उनके हीमोग्लोबिन की जांच करने तथा एनीमिया की स्थिति में आवश्यक उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभार्थियों की संख्या तथा लंबित क्लेम के बारे में जानकारी ली। ई-मित्र प्लस की कार्यप्रणाली देखी। इस अवसर पर कोलायत प्रधान जयवीर सिंह भाटी, उपखंड अधिकारी जयसिंह मेघवाल, सहायक आयुक्त (उपनिवेशन) शारदा चौधरी, ब्लॉक सीएमओ डॉ अनिल वर्मा, विकास अधिकारी रामचंद्र मीणा सहित सम्बंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।











