जयपुर। दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना के अन्तर्गत वर्ष 2018-19 में इच्छुक तीर्थयात्रियों की ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जिसमें 37 हजार 92 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसमें देवस्थान विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन लॉटरी द्वारा यात्रियों का चयन किया जाएगा।
देवस्थान विभाग के शासन सचिव डॉ. कृष्णाकांत पाठक ने बताया कि जिला स्तर पर यात्रियों के चयन एवं समुचित प्रबन्ध व्यवस्था हेतु प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा जिला प्रभारी मंत्री/जिला प्रभारी शासन सचिव की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले के वरिष्ठजन के निर्धारित कोटे के अनुसार यात्रियों का चयन जिला स्तर पर जिला कलक्टर कार्यालय में लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। कुल चयनित आवेदकों के बराबर की संख्या में प्रतिक्षा सूची भी बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि हवाई एवं रेल यात्रा के लिए अलग-अलग सूची बनाई जाएगी।
डॉ. पाठक ने बताया कि 3 से 10 जुलाई, 2018 तक देवस्थान विभाग के पोर्टल पर कम्प्यूटराइज्ड लॉटरी निकालने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अन्य जानकारी के लिए देवस्थान विभाग के पोर्टल का अवलोकन करें।











