बीकानेर। पूर्व विधायक मुरलीधर व्यास की 100वीं जयंती के अवसर पर समाजवादी नागरिक मोर्चा की ओर से मुरलीधर व्यास त्रिदिवसीय जन्मशती समारोह मनाया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत सोमवार से होगी।
मोर्चा संयोजक नटवरलाल व्यास ने बताया कि इसके तहत पहले दिन धरणीधर रंगमंच पर रात्रि 8ः30 बजे भजन संध्या का आयोजन होगा। 3 जुलाई को रात्रि 9 बजे कोचरों के चौक में कवि सम्मेलन होगा। तीसरे दिन 4 जुलाई को सायं 6 बजे आनंद निकेतन में ‘राजनीति में नैतिकता’ विषय पर गोष्ठी होगी।
इस तीन दिवसीय आयोजन की तैयारियों को रविवार को अंतिम रूप दिया गया। व्यास ने बताया कि पूर्व विधायक ने समाजवादी आंदोलन में प्रभावी भूमिका निभाई थी। बीकानेर के विधायक रहते हुए वे जनसमस्याओं के समाधान के लिए हमेशा प्रयासरत रहे।