इंडो-फ्रांस कल्चरल सेंटर’ (आलियांज फ्रांसिस) द्वारा भोपाल में 28 अगस्त को कविता और सिरेमिक की प्रदर्शनी ‘लय’ आयोजित की जा रही है जिसमें बीकानेर के कवि-कथाकार अनिरुद्ध उमट की कविताओं को देश की विख्यात सिरेमिक आर्टिस्ट निर्मला शर्मा द्वारा निर्मित सिरेमिक कलाकृतियों पर उकेरा गया है। प्रदर्शनी में इन कलाकृतियों को दर्शकों हेतु उपलब्ध कराया जाएगा। निर्मला शर्मा लंबे अरसे से भारत भवन के सिरेमिक अनुभाग से जुड़ी रही हैं और उनकी कलाकृतियां देश विदेश में बेहद पसंद की गयी हैं। इसी अवसर पर युवा चित्रकार दीपक सोनार की पेंटिग्स भी प्रदर्शित होगी।
आयोजक आलियांज फ्रांसिस की प्रवक्ता रीता गोहाडे ने बताया कि 28 अगस्त से 6 सितंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन सुप्रसिद्ध कथाकार पदम् श्री व साहित्य अकादमी से सम्मानित मंजूर एहतेशाम करेंगे।
अनिरुद्ध उमट के अब तक दो कविता संग्रह व दो उपन्यासों के अतिरिक्त एक कहानी संग्रह, एक निबन्ध संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। रांगेय राघव पुरस्कार से सम्मानित उमट को भारत सरकार के संस्कृति विभाग ने दो बार जूनियर फेलोशिप से भी सम्मानित किया है। उमट के जन्मोत्सव पर आयोजित इस प्रदर्शनी में कलाकृतियों से जो धन राशि एकत्र होगी उसे सैनिक कल्याण कोष में समर्पित किया जाएगा।
(नीरज जोशी की वॉल से)