राजस्थान कांग्रेस : दावेदारों की दिल्ली दौड़ शुरू

2460

राजस्थान कांग्रेस में टिकट पाने के लिए जोड़तोड़ में जुटे नेता
प्रदेश से लेकर केन्द्रीय नेताओं से साध रहे सम्पर्क

बीकानेर। विधानसभा चुनाव में भले ही अभी छह महीने का समय हो, लेकिन कांग्रेस में टिकट पाने के लिए नेताओं की भागदौड़ तेज हो गई है। टिकट हासिल करने के लिए जोड़तोड़ बैठाते नेता और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के नेताओं के साथ-साथ दिल्ली में आला नेताओं से सम्पर्क साधना शुरू कर दिया है। बहुत से नेता तो अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह से सक्रिय भी हो गए हैं। इसके अलावा पार्टी की ओर से होने वाले धरने-प्रदर्शनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते नजर आ रहे हैं।

दरअसल, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को विश्वास है कि इस बार राज्य में सत्ता कांग्रेस के हाथों में आ सकती है। सत्ता विरोधी लहर में उनकी भी लॉटरी लग सकती है।

नए लोगों को मिलेगा मौका

राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस इस बार विधानसभा चुनाव में नए चेहरों और युवाओं पर दावं खेल सकती है। पार्टी के कई आला नेता इस बारे में संकेत भी दे चुके हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ दिनो पहले जारी हुई एआईसीसी, पीसीसी और ब्लॉक अध्यक्षों की सूची में ज्यादातर नए चेहरे और युवाओं को जगह दी गई है। इसके बाद से ही टिकट पाने के इच्छुक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की दौड़ शुरू कर दी है।

तीन संभावितों का होगा पैनल

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने प्रदेश को चार जोन में बांटा है और प्रत्येक जोन पर एक सहप्रभारी नियुक्त किया है। प्रदेश के इन चारों सहप्रभारियों के यहां दावेदारों की भीड़ लगी देखी जा सकती है। बताया जा रहा है कि सह प्रभारी को हर विधानसभा क्षेत्र से तीन-तीन संभावित उम्मीद्वारों का पैनल तैयार कर आलाकमान को सौंपना होगा। पैनल में अपना नाम लाने के लिए पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने सरपरस्त नेताओं के यहां पहुंच कर जोड़तोड़ बैठाने लगे हैं। दावेदारी के चलते ही बहुत से नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र की छोटी से छोटी समस्या को लेकर धरने-प्रदर्शन से नहीं चूक रहे हैं।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.