बीकानेर (thenews.mobilogicx.com) । औद्योगिक क्षेत्र करणी विस्तार के भूखंडों के आवंटन में धांधली का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिला कलक्टर को सौंपा।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल अध्यक्ष जुगल राठी ने बताया कि रीको मुख्यालय जयपुर द्वारा बीकानेर कार्यालय में भूखंड आवंटन की सूचना 12 सितम्बर को भिजवा दी गई जिसे छह दिन बाद 18 सितम्बर को समाचार पत्र में प्रकाशित करवाया जाना और मात्र पांच दिन अर्थात् 24 सितम्बर तक प्रक्रिया पूर्ण करके फार्म जमा करवाना अनुचित कार्यवाही बताया। राठी ने बताया कि मेले तथा छुट्टियों के चलते इन पांच दिनों में पूरी कार्यवाही कर पाना असंभव है। पहले आओ पहले पाओ की प्रक्रिया को भी गलत ठहराते हुए राठी ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में भ्रष्टाचार साफतौर पर नजर आ रहा है। www.thenews.mobilogicx.com
जिला उद्योग संघ के डीपी पच्चीसिया ने कहा कि उचित समयावधि देकर लॉटरी प्रक्रिया अपनाते हुए व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शिता अपनानी चाहिए। राजस्थान वूलन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल कल्ला ने कहा कि छोटी अवधि यानि 6 दिन में भी 4 दिन अवकाश है और 2 दिन के इतने कम समय में कोई उद्यमी कैसे इतनी बड़ी रकम की व्यवस्था एवं कागजी कार्यवाही पूरी करे और कैसे ऑनलाइन सिस्टम से आवेदन करे। यह सब बातें पूर्णतया भ्रष्टाचार की और इंगित करती है।
जिला कलेक्टर ने त्वरित कार्यवाही करते हुए अंतिम तिथी बढ़वाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर करणी इंडस्ट्रीज एसोशियेशन के अध्यक्ष महेश कोठारी, सुभाष मित्तल, नरेश मित्तल एवं विनोद गोयल सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।