भाजपा जिलाध्यक्ष की छुट्टी, महिला के साथ थी आपत्तिजनक तस्वीरें, दो दर्जन भाजपा नेताओं का इस्तीफा

 

 

झाबुआ। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के दौरे पर आ रहे हैं लेकिन उससे पहले ही झाबुआ जिला भाजपा में हड़कंप मच गया है।

खबर है कि पार्टी ने जिलाध्यक्ष मनोहर सेठिया की गुरुवार को छुट्टी कर दी है और उनकी जगह ओमप्रकाश शर्मा को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। छह महीने पहले ही सेठिया को इस पद पर बैठाया गया था लेकिन सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद उनकी छुट्टी कर दी गई। हालांकि सेठिया द्वारा अस्वस्थता कारण बताया जा रहा है, लेकिन अंदर की बात अब जग जाहिर हो चुकी है।

सेठिया की विदाई से जिले के पार्टी पदाधिकारियों में गहरी नाराजगी है। नाराजगी का आलम यह है कि जब जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष, नगर मंडल अध्यक्ष समेत करीब दो दर्जन पार्टी पदाधिकारियों ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पराशर ने इस्तीफों की पुष्टि की है। विधानसभा चुनावों से करीब दो महीने पहले जिले में भाजपा नेताओं की इस हरकत से पार्टी सकते में है। चर्चा का विषय यह है कि भाजपा के चाणक्य माने जाने वाले शाह का इस बार क्या रूख रहेगा।

Newsfastweb: