बीकानेर में अमित शाह और राहुल गांधी, तैयारियां जोर-शोर से

2634

बीकानेर। बीकानेर में अक्टूबर माह की शुरुआत से ही राजनैतिक हलचल जबरदस्त शुरू हो गई है। गुरुवार को भाजपा के सिपेहसालार अमित शाह बीकानेर आ रहे हैं तथा कांग्रेस के मुखिया राहुल गांधी 10 अक्टूबर को बीकानेर में अपना रोड शो करेंगे।

गुरुवार शाम को राष्ट्रीय स्वयं सेवक प्रमुख मोहन भागवत भी संघ की चिंतन बैठक में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। यह बैठक गुरुवार शाम 6.30 बजे गंगाशहर के सम्पत पैलेस में रखी गई है। भागवत के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, ओम माथुर, संघ के क्षेत्रीय प्रचारक दुर्गादास, सह क्षेत्रीय प्रचारक निम्बाराम, जोधपुर प्रांत प्रचारक योगेन्द्र कुमार चिंतन बैठक में शामिल होंगे।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की तैयारियों को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में उत्साह नजर आ रहा है। झण्डे तैयार करने से लेकर चौराहों की सजावट तथा कटआउट तैयार करवाने सहित विभिन्न कार्यों की व्यवस्था का जिम्मा स्वागत प्रभारी महावीर रांका ने संभाल रखा है। वहीं शहर भाजपा अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, महापौर नारायण चौपड़ा, उपमहापौर अशोक आचार्य, सुरेन्द्र सिंह शेखावत, सांसद, विधायक व देहात भाजपा से सहीराम दुसाद, जयवीर सिंह भाटी, बिहारीलाल बिश्नोई, रामगोपाल सुथार, विश्वनाथ मेघवाल सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हैं।

मेडिकल कॉलेज ग्राउंड में अनुसूचति जाति सम्मेलन तथा पार्क पैराडाइट में शक्ति केन्द्र सम्मेलन को शाह सम्बोधित करेंगे। अब देखना यह है कि इन तैयारियों का राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कितना प्रभाव पड़ता है और क्या कोई ऐसा मंत्र फूंक पाएंगे जिससे बीकानेर में भाजपा की लहर बरकरार रह पाए।

कांग्रेस ने भी कसी कमर

10 अक्टूबर को बीकानेर में नाल एयरपोर्ट से लेकर मेडिकल कॉलेज ग्राउंड तक 16 किमी लम्बा रोड शो निकालेंगे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी। बताया जाता है कि नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी और पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं वहीं कोलायत विधायक भंवर सिंह भाटी ने भी रोड शो को सफल बनाने की तैयारियां शुरू कर दी है। कांग्रेस महासचिव चन्द्रप्रकाश गहलोत, गोपाल गहलोत शहर व देहात सभी कार्यकारिणी, मंडलों व कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। करीब तीन लाख लोगों का इस रोड शो में शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि कांग्रेस का पलड़ा कहीं न कहीं इस बार बीकानेर में भारी नजर आ रहा है, लेकिन कांग्रेस को कमर कसनी होगी तभी लहर का मुकाबला कर पाएगी।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.