बीकानेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जयपुर यात्रा को लेकर भाजपा अलर्ट मोड में है, इसका असर बीकानेर में भी नजर आ रहा है। भाजपा बीकानेर शहर और भाजपा देहात ने आज अलग-अलग बैठकर प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे की तैयारियों पर मंथन किया। प्रधानमंत्री की रैली के लिए तीन प्रभारी नियुक्त किए गए। केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन मेघवाल, संसदीय सचिव डॉ. विश्वनाथ मेघवाल और पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी को ये जिम्मेदारियां दी गई है।
इसी संदर्भ में बात करें तो अर्जुनराम मेघवाल के बाकी दोनों नेताओं के साथ रिश्ते सर्वविदित हैं। इसी मद्देनजर यह उल्लेखनीय है कि आज की बैठकों में देवीसिंह भाटी नहीं दिखाई दिए। केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, महामंत्री मोहन सुराणा और भाजपा के प्रभारी मनीष पारीक जहां शहर भाजपा की बैठक में मौजूद रहे वहींं देहात भाजपा की बैठक में संसदीय सचिव डॉ. विश्वनाथ, देहात जिलाध्यक्ष और प्रभारी शामिल हुए।
बैठकों में तय किया गया कि बीकानेर पश्चिम और पूर्व दोनों विधानसभा क्षेत्रों के 374 बूथों के अध्यक्ष तो प्रधानमंत्री के रैली शामिल होंगे ही साथ सरकारी योजनाओं चुने हुए तकरीबन 6700 लाभार्थियों को भी जयपुर ले जाएगा।
पार्टी के स्थानीय नेता और पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली में शामिल होंगे ही।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि भाजपा एकजुट है, हम सभी एकजुटता के साथ प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करेंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मामले को अर्जुनराम मेघवाल ने यह कह कर टाल दिया कि यह आलाकमान का मसला है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिम्मेदारी लेने वाले बीकानेर के ये छत्तीसी नेता चुनावी वर्ष में प्रधानमंत्री की इस आगाजी रैली को अपने तईं सफल कैसे बनाएंगे।
खुद की सरकार के होते समस्या संसाधनों की तो नहीं आनी है, सामंजस्य में संशय जरूर है।











