एक हजार की रिश्वत लेती एएनएम को दबोचा
बीकानेर। संभाग में चूरू भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम ने आज बड़ी कार्यवाही करते हुए हजारों की रिश्वत लेते महिला एएनएम को रंगे हाथों गिर तार किया। चूरू एसीबी के अधीक्षक से मिली जानकारी के अनुसार एसीबी टीम ने छापेमारी करते हुए सोनपालसर की एएनएम निर्मला देवी को एक हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया हैं। फिलहाल एसीबी की टीम कार्यवाही में जुटी हुई हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले काफी समय से सोहनपालसर की एएनएम निर्मला देवी की शिकायते लगातार मिल रही थी। इस शिकायत पर आज एसीबी की टीम ने कार्यवाही की। एसीबी अधीक्षक का कहना है कि इस मामले को लेकर लिप्त कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही का अभियान लगातार जारी है।
जुएबाजों के ठिकाने पर पुलिस की दस्तक से मचा हड़कंप
बीकानेर। जुआरियों के खिलाफ मुहिम के तहत गंगाशहर पुलिस ने गुरूवार की रात श्रीरामसर की लेघा बाड़ी में जुएबाजों के ठिकाने पर दबिश देकर मौके पर सात जनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से साढे दस हजार रूपये नगदी बरामदी की। थाना प्रभारी सुभाष बिजारणियां ने बताया कि जरिये मुखबिर सूचना मिली थी कि श्रीरामसर की लेघा बाड़ी में जुएबाजी चल रही है। सूचना मिलने के पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी तो जुआरियों में हड़कंप मचा गया और पुलिस ने घेराबंदी कर सात जुआरियों का दबोच लिया। पकड़े गये जुआरियों में रामपुरा बस्ती निवासी प्रभूदयाल कुम्हार, जस्सूसर गेट वाल्मिकी बस्ती निवासी लखपत वाल्मिकी, गजनेर रोड निवासी किशन सोनी, अंत्योदय नगर निवासी लालचंद, वैध मघाराम कॉलोनी निवासी विजय कुमार, जस्सूसर गेट के बाहर मालियों का बास निवासी रामदेव और विनोद कुमार शामिल है,जो ताश के पत्तों पर हजारों के दाव लगा रहे थे। बताया जाता है कि मौका स्थल पर पुलिस कार्यवाही की भनक लगने के बाद तीन-चार जुआरी भागने में कामयाब हो गये।
वर्दी की धौंस दिखाकर शराब ठेका सेल्सकर्मी से मारपीट
बीकानेर। छह माह पहले एक युवक से ब्लैकमेंलिग के कारण सुर्खियों में रही महाजन थाना पुलिस का एक और कारनामा सुर्खियों में आया है। जानकारी के अनुसार इलाके में अरजनसर-पल्लू मेगा हाइवे पर अरजनसर रेलवे फाटक के पास शराब की दुकान पर देर रात महाजन थाने के दो पुलिसकर्मियों ने खाकी का रौब दिखाकर सेल्समैन से मारपीट की। बाद में एक सिपाही मौके से फरार हो गया। दूसरे कांस्टेबल को ग्रामीणों ने पकड़कर वहीं बैठा लिया। जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 11 बजे श्रीगंगानगर जिले की सिंगरासर ग्राम पंचायत के शराब ठेके पर पहुंचे महाजन थाने के कांस्टेबल मनोहरलाल व राकेश कुमार ने वर्दी का रौब झाड़कर सेल्समैन शीशराम से गाली गलौच कर मारपीट की। इस दौरान सेल्समैन घायल हो गया। विवाद बढऩे पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हुए तो कांस्टेबल मनोहरलाल फरार हो गया। वहीं कांस्टेबल राकेश कुमार को ग्रामीणों ने पकड़कर मौके पर ही बैठा लिया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना राजियासर व महाजन पुलिस को दी। राजियासर थाने से एएसआई नूर मोहम्मद ने दोनों पक्षों के बयान लिए। देर रात को महाजन थाने से सीआई रमेश कुमार सर्वटा भी मौके पर पहुंचे। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो जाने से कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। महाजन सीआई सर्वटा ने बताया कि दोनों कांस्टेबल गश्त पर थे। देर रात को शराब का ठेका खुला होने पर सेल्समैन को ठेका बन्द करने के लिए बोला तो मामूली विवाद हो गया। जबकि उक्त शराब ठेका बीकानेर जिले का नहीं है। ग्रामीणों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग जिला पुलिस अधीक्षक से की है।
रिश्ते में लगते साढू ने कर दिया काश्तकार का कत्ल
बीकानेर। दंतौर पुलिस थाना क्षेत्र के चक 14 केएलडी में काश्तकार की हत्या कर शव नहर के खाले में फेंक दिया गया। इसकी सूचना मिलने के बाद गुरूवार की शाम मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर शिना तगी के करवाई तो खुलासा हुआ कि मृतक श्रीगंगानगर में मिरजेवाला निवासी दलीप उर्फ दीप धाणक है,जिसकी चक 14 केएलडी में जमीन है। वह अकेला रहकर काश्त करता था। पुलिस ने हत्या के इस मामाले में मृतक के पुत्र सुनिल धाणक की रिपोर्ट पर सुनिल कुमार धाणक के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। प्रथम दृष्टया जांच पड़ताल में पता चला है कि मृतक दलीप उर्फ दीपू और उसके रिश्ते में लगते साढू राजेन्द्र कुमार के बीच रूपयों के लेन देन को लेकर विवाद था,इसी विवाद के चलते राजेन्द्र कुमार ने दलीप उर्फ दीपू की गला रेत कर हत्या कर दी और शव को चादर में लपेट कर नहर के खाले में बहा दिया। शव पानी में बहकर वहां बने एक गड्ढे में गिर गया और झाडिय़ों में अटक गया। गुरुवार शाम को दुर्गंध आने पर आसपास के ग्रामीणों ने तलाशा तो शव नजर आया। इत्तला मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दलीप की ढाणी में चारपाई पर खून और शव घसीटने के निशान मिले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी राजेन्द्र कुमार फरार है जिसकी सरगर्मी से तलाश जारी है।











