बीकानेर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 7 जुलाई के प्रस्तावित जयपुर कार्यक्रम में 12 योजनाओं के लाभार्थी बीकानेर से शामिल होंगे। संबंधित विभागों को उनकी पहचान कर गुरुवार तक सूचना उपलब्ध करवानी होगी।
जिला कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता ने बुधवार को इसकी तैयारियों से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ये लाभार्थी प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान, प्रधानमंत्री उज्ज्वला, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा, राजश्री, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, पालनहार, आरएसएलडीसी, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ योजना, निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना के होंगे।
जिला कलक्टर ने लाभार्थियों को भामाशाह कार्ड अनिवार्य रूप से ले जाने, बसों की व्यवस्था एवं रूट निर्धारण, नोडल अधिकारी तथा हैल्पर की नियुक्ति सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत सिंह, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा, महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक रचना भाटिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र चौधरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एलडी पंवार आदि मौजूद थे।











