प्रदेश में शिक्षा का स्तर उच्चतम, सरकारी स्कूलों का बढ़ रहा दबदबा
जयपुर। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए पूरी गम्भीरता के साथ काम किया है। पहले गांवों में बच्चियां आठवीं के बाद साधनों के अभाव में आगे पढ़ नहीं पाती थी। हमने साइकिल देकर उन्हें प्रेरित किया। नतीजा यह है कि पिछले साढ़े चार सालों में हम 26वें से दूसरे स्थान पर आ गए हैं।
देवनानी शुक्रवार को अजमेर जिले के राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय साइकिल वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस साल राजस्थान में नवीं कक्षा की 3 लाख 22 हजार बालिकाओं को साइकिलें वितरित की जाएंगी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा के उन्नयन का वादा पूरी गम्भीरता के साथ पूरा किया है। हमने प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सीनियर सैकण्डरी स्कूल खोला। पिछले चार साल में राज्य में 7 हजार स्कूल क्रमोन्नत किए गए हैं। साढे़ चार साल पहले जब हम सरकार में आए तो राजस्थान में शिक्षा की स्थिति बेहद दयनीय थी। हम पूरे देश में शिक्षा के क्षेत्र में 26वें स्थान पर थे। हमने राजस्थान की शिक्षा को बदलने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास किए। आज हम दूसरे स्थान पर हैं।
इस अवसर पर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सचिव मेघना चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं बालिकाएं उपस्थित थीं।











